प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :17/11/2026)
फ्लाइट किराये में अप्रत्याशित वृद्धि पर कैपिंग जरूरी : झारखण्ड चैंबर
===========

फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सिविल एविएशन उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में हुई। बैठक में त्योहारी सीजन, विंटर वेकेशन एवं न्यू ईयर के दौरान एयरलाइंस कंपनियों द्वारा हवाई किराये में की जा रही अप्रत्याशित वृद्धि पर चिंता व्यक्त की गई। सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा से ही विंटर वेकेशन एवं न्यू ईयर तक लगभग सभी सेक्टरों में हवाई किराये असामान्य रूप से बढ़े हुए हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार को इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए किराये पर उचित कैपिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि आम नागरिकों को आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके।
चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि फ्लाइट सेवा को केवल व्यावसायिक गतिविधि के रूप में नहीं आम नागरिकों की एक आवश्यकता के रूप में देखा जाना चाहिए। जिस प्रकार भारतीय रेल आम लोगों के आवागमन का प्रमुख माध्यम है, उसी प्रकार हवाई सेवाएं भी व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों के लिए आवश्यक बनती जा रही हैं। त्योहारों और छुट्टियों के समय मांग बढ़ने का मतलब यह नहीं होना चाहिए कि एयरलाइंस कंपनियां मनमाने तरीके से किराये में वृद्धि करें। फ्लाइट किराये को व्यवहारिक और आम लोगों की पहुंच में बनाए रखने के लिए नियामक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था आवश्यक है।
बैठक में रांची से दिल्ली के बीच इंडिगो द्वारा सुबह की फ्लाइट को अस्थायी रूप से निरस्त किए जाने पर भी सदस्यों ने चिंता जताई। सिविल उप समिति चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने कहा कि इंडिगो ने 1 दिसंबर से 16 जनवरी तक अपनी सुबह की दिल्ली-रांची-दिल्ली सेवा को रद्द कर दिया है। इससे सुबह रांची से दिल्ली जाने तथा दिल्ली से आगे अन्य गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होगी। एयरपोर्ट प्रशासन से आग्रह किया गया कि इंडिगो प्रबंधन से इस फ्लाइट को पुनः बहाल कराने के लिए आवश्यक पहल की जाए। यदि समय में बदलाव परिचालन की दृष्टि से जरूरी हो, तो फ्लाइट को एक-दो घंटे विलंब से संचालित करने पर भी विचार किया जा सकता है, लेकिन सेवा को पूरी तरह बंद नहीं किया जाना चाहिए।
रांची एयरपोर्ट के अंदर संचालित उड़ान कैफे की अनुपयुक्त लोकेशन पर भी सदस्यों ने नाराजगी जताई। कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि वर्तमान में उड़ान कैफे की लोकेशन यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। परिणामस्वरूप यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर उपलब्ध महंगी खाद्य एवं पेय सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा कर उड़ान कैफे को यात्रियों की सुविधानुसार सिक्योरिटी के बाद संचालित करने का आग्रह किया।
बैठक में रांची से नई हवाई सेवाओं की शुरुआत और विभिन्न महत्वपूर्ण शहरों के लिए कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। उप समिति द्वारा नागर विमानन मंत्रालय से पुनः आग्रह करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, उप समिति चेयरमेन श्रवण राजगढ़िया, राजीव सहाय, प्रमोद सारस्वत, किशन अग्रवाल उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
================
Copyright © 2021-2026 FJCCI