प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :11/11/2026)
==========

झारखण्ड प्रोफेशनल्स कांग्रेस द्वारा आयोजित थिंक 29 कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष तुलसी पटेल ने शामिल होकर झारखण्ड के आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस अवसर पर उपस्थित ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड यास्खी और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के.राजू को उन्होंने विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि नीतिगत और प्रशासनिक बाधाओं के कारण राज्य अपनी क्षमता के अनुरूप विकास नहीं कर पा रहा है। उन्होंने खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति बनाने, औद्योगिक क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करने, सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने और ट्रांसपोर्ट नगर का शीघ्र संचालन प्रारंभ करने की आवश्यकता बताई।
चैम्बर अध्यक्ष ने राज्य से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल एवं लॉजिस्टिक हब की स्थापना, मालवाहक परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में फास्ट मेमू ट्रेनों के परिचालन, ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था के सरलीकरण, होल्डिंग टैक्स की समीक्षा और कृषि बाजार समितियों में किराया वृद्धि पर पुनर्विचार की आवश्यकता भी बताई। राज्य में निवेश अनुकूल वातावरण के लिए कानून-व्यवस्था में सुधार, औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा हेतु विशेष सुरक्षा बल का गठन तथा माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन माह में राज्यस्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने का सुझाव भी दिया।
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सभी राजनीतिक दलों को झारखण्ड के व्यापार, उद्योग, निवेश एवं रोजगार सृजन के लिए स्पष्ट और क्रियान्वयन योग्य विकास रोडमैप तैयार करना चाहिए। व्यापारी एवं उद्यमी उसी व्यवस्था से संतुष्ट होते हैं, जहां उनकी समस्याओं का समाधान हो और सरकार की नीतियों का सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दे। झारखण्ड की आर्थिक समृद्धि के लिए सरकार, राजनीतिक नेतृत्व, प्रोफेशनल्स, व्यापारी एवं उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के अलावा कई उपस्थित गणमान्य से भी चैम्बर अध्यक्ष की वार्ता हुई।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
================
Copyright © 2021-2026 FJCCI