प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :07/11/2026)
=========
धनतेरस पर स्थानीय बाजार से खरीदारी को प्रोत्साहन मिलने पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रायः सभी सेक्टर में ग्राहकों का रुझान रहा। बाजारों में रही सकारात्मकता से व्यवसायियों में उत्साह और संतोष का माहौल है।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि धनतेरस पर बाजारों में जिस प्रकार लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की है, उससे व्यवसाय जगत में सकारात्मक माहौल बना है। सोना-चांदी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अन्य क्षेत्रों में ग्राहकों का अच्छा रुझान देखने को मिला। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और यातायात का दबाव स्वाभाविक है। इसके बावजूद शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने देना जिला प्रशासन की सक्रियता को दर्शाता है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और यातायात के सुचारू संचालन के कारण लोगों को बाजारों तक पहुंचने तथा खरीदारी करने में सुविधा मिली। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को विशेष रूप से इस प्रयास के लिए धन्यवाद।
चैम्बर अध्यक्ष ने यह भी कहा कि दीपावली की खरीदारी को लेकर भी बाजारों में उत्साह बना हुआ है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली पर सजावटी सामान, मिट्टी के दीये, घरौंदे, लाइटिंग, पूजा सामग्री, मिठाइयां, कपड़े, उपहार एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी स्थानीय दुकानों से ही करें। स्थानीय उत्पाद और व्यापार को प्राथमिकता देने से न केवल छोटे और मध्यम वर्गीय व्यवसायियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। त्योहारों की खुशियां तभी और सार्थक होंगी जब इसका लाभ हमारे स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों तक पहुंचे।
चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी रौनक और ग्राहकों के उत्साह से स्थानीय बाजारों के प्रति लोगों का विश्वास और जुड़ाव मजबूत हुआ है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि इस दीपावली पर वोकल फॉर लोकल की भावना को अपनाते हुए स्थानीय दुकानदारों, छोटे व्यवसायियों एवं कारीगरों से खरीदारी को प्राथमिकता दें ताकि त्योहार की खुशियों के साथ झारखण्ड की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल सके।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
Copyright © 2021-2026 FJCCI