प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/10/2026)
रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के दौरान यातायात एवं यात्रियों की सुविधा को लेकर झारखण्ड चैंबर ने डीआरएम से की मुलाकात
==============

रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा स्टेशन परिसर एवं आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से आज फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात कर चर्चा की।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को तोड़कर नया निर्माण कार्य प्रारंभ होने के दौरान यात्रियों के आवागमन एवं वाहनों के दबाव में वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल ने सुझाया कि मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकोम रेलवे स्टेशन और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पीस्का स्टेशन पर करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। साथ ही आउटर ओवरब्रिज की ओर से भी वैकल्पिक आवागमन मार्ग खुला रखने का आग्रह किया गया।
डीआरएम ने रांची स्टेशन के पुराने भवन के निर्माण कार्य के दौरान रांची रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत कराया। चैम्बर अध्यक्ष के आग्रह पर उन्होंने आश्वस्त किया कि पुराने प्लेटफॉर्म के भवन को एक साथ नहीं बल्कि क्रमवार तरीके से हटाया जाएगा, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त, पार्सल कार्यालय की ओर से भी यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था रहेगी। फुट ओवरब्रिज यथावत रहेगा जिससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में आने-जाने में सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैफिक और पार्किंग की भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए स्टेशन के चारो तरफ से करीब 22 मीटर रोड का चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव है। जनसुविधा को देखते हुए साउथ ईस्टर्न रेलवे के खेल मैदान को भी पार्किंग में बदला जा सकता है।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए रेलवे और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। चैंबर के डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल ने कहा कि रांची रेल मंडल के इन प्रयासों से यात्रियों को होनेवाली समस्याओं का समाधान सम्भव है।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ और डीआरयूसीसी सदस्य विवेक अग्रवाल शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
================
Copyright © 2021-2026 FJCCI