प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :15/10/2026)
बस व्यवसायियों को राहत देने के लिए परमिट प्रक्रियाओं के सरलीकरण की मांग
============

परिवहन व्यवसायियों को बस परमिट के नवीनीकरण, उच्चतर मॉडल की बसों से प्रतिस्थापन तथा अस्थायी परमिट निर्गत कराने में हो रही समस्याओं को लेकर आज चैम्बर भवन में बैठक हुई। चर्चा के क्रम में विभागीय सचिव को पत्राचार कर बस व्यवसायियों की समस्याओं से अवगत कराते हुए इनके शीघ्र निराकरण का आग्रह किया गया।
यह कहा गया कि बस परमिट के नवीनीकरण के लिए जुलाई 2024 से लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन किया जाना आवश्यक है। अधिकांश आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किए गए हैं। ऐसे में वाहन पोर्टल पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार परमिट नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का सुझाव दिया गया। इसके अतिरिक्त, परमिट पर संचालित पुरानी बसों को उच्चतर मॉडल की नई बसों से प्रतिस्थापित करने की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई। यह कहा गया कि प्रतिस्थापन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब होने से ऋण एवं किस्तों पर खरीदी गई नई बसें खड़ी रह जाती हैं, जिससे बस संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। इस कार्य को पूर्व की तरह निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने वाली सुगम व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया।
बैठक में पूजा, शादी-विवाह, पर्यटन, मेला एवं अन्य आयोजनों के लिए एक से 28 दिनों तक के अस्थायी ठेका परमिट निर्गत करने की प्रक्रिया को भी सरल बनाने पर चर्चा हुई। चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने विभागीय सचिव से आग्रह किया कि बस व्यवसायियों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए परमिट संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
Copyright © 2021-2026 FJCCI