Press Release

Chamber Meets Finance Minister Over Vehicle Movement and Vacant Posts in Commercial Tax Circles

  • 10Oct-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :10/10/2026)
    वाहनों की आवाजाही एवं वाणिज्यकर सर्किलों में रिक्त पदों की समस्या पर चैंबर ने माननीय वित्त मंत्री से की मुलाकात 
    ==========

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    त्यौहारी सीजन के दौरान बाजार क्षेत्रों में वाहनों को रोककर परमिट की जांच करने तथा परमिट संबंधी तकनीकी कमियों के आधार पर कार्रवाई किए जाने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने की परेशानी को देखते हुए आज फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय वित्त एवं वाणिज्यकर मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात कर इस मामले में आवश्यक हस्तक्षेप का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने त्यौहारी अवधि को ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्रों में परमिट/ईवे बिल जांच के नाम पर वाहनों को रोकने तथा जब्ती जैसी दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए विभागीय निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

    चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने त्यौहारी सीजन के समय में बाजार क्षेत्रों में मालवाहक वाहनों की आवाजाही बाधित होने से माल की आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई। चैम्बर अध्यक्ष के आग्रह पर माननीय मंत्री ने वाणिज्यकर विभाग के सचिव को निर्देशित किया कि शहर के अंदर वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं की जाए ताकि व्यापारिक गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित हो सकें। माननीय मंत्री ने यह भी कहा कि ऐसी नियमित शिकायतें मिल रही हैं कि कई व्यवसायी प्रॉपर इनवॉइस जारी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने व्यवसाय जगत से इस विषय पर गंभीरता बरतने की अपील की।

    वार्ता के क्रम में वाणिज्यकर विभाग के विभिन्न सर्किल कार्यालयों में संयुक्त आयुक्त के पद रिक्त रहने से व्यवसायियों को हो रही परेशानियों पर भी प्रतिनिधिमंडल ने चिंता व्यक्त की। यह कहा गया कि कई महत्वपूर्ण वैधानिक और प्रशासनिक कार्य सर्किल प्रभारी के स्तर पर संपादित होते हैं। ऐसे में नियमित अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण आवश्यक प्रक्रियाएं लंबित हो रही हैं, जिससे व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया, सदस्य आदित्य शाह, ज्योति पोद्दार ने कहा कि विशेष रूप से झारखण्ड वैट के अंतर्गत आने वाले पेट्रोलियम उत्पादों, शराब एवं अन्य गैर-जीएसटी वस्तुओं का कारोबार करने वाले व्यवसायियों को नए जेवैट एवं सीएसटी पंजीकरण प्राप्त करने, पंजीकरण में संशोधन कराने, वस्तुओं को जोड़ने अथवा हटाने, व्यावसायिक पता एवं नए गोदाम की जानकारी अपडेट कराने तथा आवश्यक वैधानिक फॉर्म प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।

    चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि अधिकारियों के पद रिक्त रहने से पंजीकरण, संशोधन एवं आवश्यक फॉर्म जारी करने जैसी प्रक्रियाएं प्रभावित होती हैं, तो इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ राज्य के राजस्व पर भी पड़ता है। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि रिक्त सर्किल कार्यालयों में यथाशीघ्र संयुक्त आयुक्त की पदस्थापना की जाए। जब तक नियमित पदस्थापना नहीं होती, तब तक संबंधित सर्किल में कार्यरत वरिष्ठतम अधिकारी को आवश्यक प्रशासनिक शक्तियां अस्थायी रूप से प्रदान करने पर विचार किया जाए ताकि लंबित कार्यों का निष्पादन सुचारु रूप से हो सके। माननीय वित्त मंत्री ने इस मामले में भी जल्द ही निर्णय लेने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी छठ पूजा के उपरांत विभागीय सचिव, वाणिज्यकर विभाग के अधिकारी और झारखण्ड चैम्बर के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर विभाग से जुडी समस्याओं पर वार्ता की जाएगी।

    प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय,  महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया, सदस्य आदित्य शाह, ज्योति पोद्दार, कुमुद झा शामिल थे। 
    -  
    रोहित अग्रवाल            विनीता सिंघानिया 
    महासचिव                             प्रवक्ता 
    =============

Copyright © 2021-2026 FJCCI