Press Release

Newly Elected Office Bearers of FJCCI Meets Governor Santosh Kumar Gangwar at Raj Bhavan.

  • 01Oct-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक : 01/10/2026)
    माननीय राज्यपाल से झारखण्ड चैंबर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की शिष्टाचार भेंट
    ============

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने आज झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव, झारखंड नितिन मदन कुलकर्णी भी उपस्थित रहे। मुलाकात के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में व्यापार, उद्योग, निवेश, रोजगार एवं आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश एवं औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बेहतर विधि-व्यवस्था, अनुकूल कारोबारी वातावरण को आवश्यक बताते हुए माननीय राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा। 

    चैंबर ने राज्य की विधि-व्यवस्था में सुधार हेतु विशेष पहल करने, वर्तमान ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की व्यापक समीक्षा करने तथा व्यापारियों के लिए अनावश्यक प्रक्रियात्मक जटिलताओं को कम करने का सुझाव दिया। साथ ही राज्य में धार्मिक एवं पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं के कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं रोजगारोन्मुख कार्यक्रम संचालित करने का सुझाव दिया। चैंबर ने एमएसएमई एवं स्थानीय उद्यमियों के सशक्तिकरण के लिए प्रभावी एमएसएमई फेसिलिटेशन एवं सपोर्ट मेकनिज्म विकसित करने एवं सरकारी खरीद में स्थानीय उद्यमियों को अवसर उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। 

    राज्य के विभिन्न नगर निकायों में बढ़ते होल्डिंग टैक्स के विषय पर भी चैंबर ने चिंता व्यक्त की तथा करदाताओं की संख्या बढ़ाने एवं कर आधार के विस्तार पर ध्यान देने की बात कही। चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने, खनिज संपदा आधारित वैल्यू एडिशन उद्योगों को प्रोत्साहित करने, कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों के विस्तार तथा ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग एवं बाजार विस्तार पर भी सुझाव दिया। प्रतिनिधिमंडल ने धार्मिक एवं पर्यटन सुविधाओं पर भी चर्चा की। यह भी सुझाया गया कि बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में टूरिस्ट पुलिस की स्थायी व्यवस्था की जाय। साथ ही मंदिर के निकट टूरिस्ट थाना की स्थापना पर भी विचार किया जाय, जिससे पर्यटकों से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

    माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने झारखण्ड चैंबर के नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति को शुभकामनाएं देते हुए राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में उद्योग जगत की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने चैंबर द्वारा रखे गए सुझावों पर उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद बनाए रखने की बात कही।

    लोकभवन में उपस्थित प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा एवं कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।
    -
    रोहित अग्रवाल               विनीता सिंघानिया 
    महासचिव                            प्रवक्ता 
    ====================

Copyright © 2021-2026 FJCCI