प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/09/2026)
विधानसभा अध्यक्ष से झारखण्ड चैंबर की शिष्टाचार मुलाकात
====================


फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुलसी पटेल के नेतृत्व में चैंबर के पदाधिकारियों ने आज झारखण्ड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखण्ड चैंबर की ओर से राज्य के व्यापार, उद्योग एवं विकास से जुड़े विषयों पर एक ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक के दौरान झारखण्ड चैंबर ने होल्डिंग टैक्स की व्यवस्था की समीक्षा एवं कर आधार के विस्तार, माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रत्येक तीन माह में राज्य स्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित करने की आवश्यकता, खासमहल भूमि को चरणबद्ध रूप से फ्रीहोल्ड करने, राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, राज्य के इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तर्ज पर झारखण्ड इंडस्ट्रियल एरिया सिक्योरिटी फोर्स का गठन करने तथा ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा सहित विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखा।
झारखण्ड चैंबर के अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य के औद्योगिक विकास के लिए सरकार, प्रशासन और व्यवसायी वर्ग के बीच निरंतर संवाद जरुरी है। व्यवसायी एवं उद्यमी तभी पूरी क्षमता के साथ निवेश एवं व्यापार कर सकेंगे, जब उन्हें सुगम कारोबारी वातावरण के साथ-साथ सुरक्षा एवं प्रशासनिक सहयोग प्राप्त हो। उन्होंने लॉ एंड आर्डर के विषय पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए हाल के दिनों में जमशेदपुर में हुई बैंक लूट और गोलीकांड जैसी घटनाओं का उल्लेख किया। यह आग्रह किया कि व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी पहल की जाए, ताकि व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर सकें। वार्ता के क्रम में उन्होंने आज के समय में ट्रेड लाइसेंस को औचित्यहीन बताते हुए राज्य से इस टैक्स को समाप्त करने पर विचार करने का आग्रह किया।
बैठक में माननीय विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि खासमहल भूमि की समस्या गंभीर है। इसके समाधान एवं फ्रीहोल्ड की प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए एक कमिटी गठित कर पूरे विषय की समीक्षा कराने तथा आगे की कार्रवाई का प्रयास किया जाएगा। समीक्षा के उपरांत इस विषय को विधानसभा में भी रखा जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि व्यापार एवं उद्योग से जुड़े अन्य विषयों पर भी विधानसभा के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आवश्यक पहल की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल के साथ उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
====================
Copyright © 2021-2026 FJCCI