प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/09/2026)
बैंक परिसर खाली कराने की नोटिस पर झारखण्ड चैंबर ने झारखण्ड राज्य सहकारी बैंक से किया पत्राचार
===============
झारखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के शहीद चौक स्थित प्रधान कार्यालय परिसर में वर्षों से व्यवसाय संचालित कर रहे दुकानों को खाली करने संबंधी जारी किये गये नोटिस पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बैंक के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र प्रेषित कर मामले में संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि ये व्यवसायी पिछले कई वर्षों से इस परिसर में अपना व्यवसाय करते आ रहे हैं। इस व्यवसाय से कई परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। अचानक परिसर खाली करने संबंधी नोटिस से व्यवसायी एवं उनके परिवारों में चिंता उत्पन्न होना स्वाभाविक है। चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि बैंक और व्यवसायी दोनों ही महत्वपूर्ण स्टेकहोल्डर्स हैं। ऐसे मामलों में संवाद के माध्यम से ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए, जिससे बैंक के हितों की रक्षा के साथ-साथ वर्षों से व्यवसाय कर रहे लोगों की आजीविका भी प्रभावित न हो।
उन्होंने बैंक प्रबंधन से आग्रह किया कि संबंधित दुकानदारों के साथ बैठक कर आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से व्यावहारिक समाधान निकाला जाए। पत्र के माध्यम से आगामी दुर्गापूजा, दीपावली एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को देखते हुए तत्काल कोई कठोर कार्रवाई न करने तथा व्यवसायियों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई पर आपसी सहमति से निर्णय लेने का आग्रह किया है। चैम्बर अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि बैंक प्रबंधन मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए सकारात्मक पहल करेगा तथा संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर उचित एवं सर्वमान्य समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगा।
-
रोहित अग्रवाल विनीता सिंघानिया
महासचिव प्रवक्ता
Copyright © 2021-2026 FJCCI