प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :-27/09/2026)
========
नई दिल्ली में करम मिलन समारोह में झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की सहभागिता
=========


करम पर्व के अवसर पर आज रविवार को नई दिल्ली में आयोजित करम मिलन समारोह में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारी शामिल हुए।
समारोह में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढ़ा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग उपस्थित रहे। इस अवसर पर माननीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा चैम्बर के पदाधिकारियों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में देश के माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव तथा झारखण्ड के पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि करम पर्व झारखंड की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामाजिक समरसता तथा हमारी लोक परंपराओं को संजोने का संदेश देता है। देश की राजधानी में इस प्रकार के आयोजन के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिलना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।
चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल उसके खनिज एवं औद्योगिक संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसकी समृद्ध जनजातीय एवं लोक-संस्कृति भी उसकी विशिष्ट पहचान है। करम पर्व प्रकृति और मानव जीवन के बीच सदियों पुराने संबंध का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
चैम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड की संस्कृति, कला, परंपरा और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर होते रहने चाहिए। चैम्बर झारखंड की सकारात्मक पहचान को देशभर में स्थापित करने तथा राज्य की सांस्कृतिक एवं आर्थिक विरासत को व्यापक मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में झारखंड के पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध किया और करम पर्व की जीवंत परंपरा को राष्ट्रीय राजधानी में साकार किया। चैम्बर पदाधिकारियों ने इस आयोजन के लिए माननीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
============
Copyright © 2021-2026 FJCCI