Press Release

Election Committee Meets to Outline Electoral Process; Anchal Kinger Presides.

  • 20Aug-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :20/08/2026)
    चुनाव समिति की बैठक संपन्न
    ===============

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का चुनाव 13 सितंबर 2026 को मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में आयोजित होगा। चुनाव प्रक्रिया के निर्धारण हेतु आज चैम्बर भवन में चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर की अध्यक्षता में चुनाव समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव कार्यक्रम एवं नामांकन प्रक्रिया से संबंधित पहलुओं पर चर्चा करते हुए नामांकन दाखिल करने एवं नामांकन वापस लेने की तिथियां निर्धारित की गईं। चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि चुनाव में भाग लेने के इच्छुक प्रत्याशी 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके पश्चात प्राप्त नामांकनों की स्क्रूटिनी की जाएगी तथा प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

    विदित हो कि आमसभा से 21 दिन पूर्व सदस्यों को नोटिस निर्गत करने की बाध्यता के तहत आज चैम्बर कार्यालय द्वारा सभी सदस्यों को आगामी आमसभा एवं चुनाव से संबंधित नोटिस निर्गत कर दी गई है।

    चुनाव पदाधिकारी अंचल किंगर ने बताया कि ऐसे सदस्य, जिन्हें चैम्बर की सदस्यता प्राप्त किए हुए एक वर्ष पूर्ण हो चुका है, वे कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में चैंबर की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के साथ-साथ झारखण्ड के छह प्रमंडलों के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्षों का भी चुनाव किया जाएगा।
    -
    अंचल किंगर                        रोहित अग्रवाल 
    चेयरमैन,                                महासचिव 
    चुनाव समिति  2026-27
    =======================

Copyright © 2021-2026 FJCCI