Press Release

FJCCI Executive Committee Meeting Held at Chamber Bhawan.

  • 27Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :27/07/2026)
    झारखंड चैंबर की कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न
    ===============

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की 11वीं बैठक आज चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। चैम्बर अध्यक्ष ने भवन नियमितीकरण योजना में आवेदन करने की अवधि में विस्तार अब तक नहीं होने पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर विकास एवं आवास विभाग से आग्रह किया कि योजना की अवधि बढ़ाई जाए ताकि अधिक से अधिक राज्यवासी इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने हाल ही में एमिटी यूनिवर्सिटी एवं झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ झारखण्ड चैम्बर के हुए एमओयू को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन समझौतों के माध्यम से व्यापार एवं उद्योग जगत को नीति निर्माण, कौशल विकास तथा एकेडमिक-इंडस्ट्री कोलैबोरेशन का प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होंगे तथा उद्यमिता को भी नई दिशा मिलेगी। 

    कोयलांचल प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा ने उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए छोटी-छोटी आवश्यकताओं पर ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने गिरिडीह के माइका उद्योगों के बंद होने पर भी चिंता व्यक्त की। साउथ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने गुमला में बॉक्साइट आधारित उद्योग स्थापित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और उन्हें अन्य राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने गुमला जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर भी चिंता जताई।

    संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने प्रत्येक वर्ष हो रही 10 प्रतिशत होल्डिंग टैक्स वृद्धि की समीक्षा करने की आवश्यकता बताई। चैम्बर अध्यक्ष ने सभी मुद्दों पर विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का प्रयास करने की बात कही। बैठक में सेवा सदन रोड में जल जमाव की समस्या पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि निगम द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिस कारण थोड़ी सी बारिश में भी पूरा क्षेत्र जलमग्न हो जाता है। सदस्यों ने राजधानी के मुख्य क्षेत्र में बनी हुई इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। 

    कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल द्वारा चैम्बर के वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनऑडिटेड एकाउंट्स को सभा में प्रस्तुत किया गया जिसे कार्यकारिणी समिति ने स्वीकृति देते हुए उसके ऑडिट कराए जाने की सहमति दी।  सदस्यों ने यात्री रेल सुविधाओं में विस्तार को लेकर भी अपने सुझाव रखे। चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने सभी सुझावों को 31 जुलाई को आयोजित होनेवाली डीआरयूसीसी की बैठक में प्रमुखता से रखने की बात कही। उन्होंने सदस्यों से जियाडा रेगुलेशन 2026 के प्रारूप पर भी अपने सुझाव उपलब्ध कराने की अपील की। 

    उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बंगड़ ने संयुक्त रूप से उप समितियों द्वारा कृत रिपोर्ट की प्रस्तुति देते हुए अवगत कराया कि वर्तमान सत्र में चैंबर की विभिन्न उप समितियों की अब तक 209 बैठकें आयोजित हो चुकी हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी उप समिति के चेयरमैन का अभिवादन किया। यह भी अवगत कराया कि इस वर्ष प्रारंभ की गई बिजनेस एक्सचेंज पहल के सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं, जिससे चैंबर सदस्यों के बीच पारस्परिक व्यापार में वृद्धि हुई है। इस पहल को आगे और विस्तार दिया जाएगा। यह भी अवगत कराया कि 3 अगस्त को बीआईटी मेसरा के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा 11 अगस्त को डिजिटल मार्केटिंग विषय पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

    सह सचिव नवजोत अलंग एवं सह सचिव श्री रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से सदस्यता के लिए प्राप्त नए आवेदनों को बैठक में प्रस्तुत किया, जिन्हें स्वीकृति दी गई। बैठक में 36 नए आजीवन सदस्यों को चैंबर की सदस्यता प्रदान की गई। बैठक के दौरान चैंबर पत्रिका का भी विमोचन किया गया। पत्रिका के उप समिति चेयरमैन अनीश बुधिया ने इसके प्रकाशन में सहयोग देने वाले सभी विज्ञापनदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि शीघ्र ही पत्रिका का दूसरा संस्करण भी प्रकाशित किया जाएगा।

    व्यवसायियों ने सरकारी कार्यों में हो रहे विलंब पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से ट्रांसपेरेंट डिजिटलाइजेशन एवं ऑनलाइन सिटिजन ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने की आवश्यकता बताई। वर्तमान सत्र में सदस्यता अभियान को गति देने में सहयोग के लिए मेम्बरशिप एक्सटेंशन उप समिति की चेयरपर्सन पूजा ढाढा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। 

    बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, रमेश कुमार, संजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, अनीश बुधिया, आस्था किरण, डॉ अभिषेक रामाधीन, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, पूजा ढाढा, शैलेश अग्रवाल, तुलसी पटेल, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेड़ी, बिकास सिंह, किशोर मंत्री, उप समिति चेयरमैन कृष्ण अग्रवाल, अलोक सिंह, जसविंदर सिंह, किशन अग्रवाल, तेजविंदर सिंह, रामशंकर बगड़िया, साहित्य पवन, शशांक भरद्वाज, महेंद्र जैन, राजीव चौधरी, शशि सिन्हा उपस्थित थे। 
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    =================

Copyright © 2021-2026 FJCCI