Press Release

FJCCI Fire & Disaster Sub-Committee Meeting Held at Chamber Bhawan.

  • 26Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति

    एफजेसीसीआई की फायर एंड डिजास्टर सब-कमेटी की बैठक सम्पन्न, झारखंड में आधुनिक अग्निशमन व्यवस्था को सशक्त बनाने की मांग
    ===================

    Uploaded Image
    रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की फायर एंड डिजास्टर सब-कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में राज्य में बढ़ती बहुमंजिला इमारतों, घनी आबादी वाले बाजारों तथा आगजनी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।

    बैठक में सर्वसम्मति से कहा गया कि रांची सहित झारखंड के प्रमुख शहरों में हाइड्रोलिक एरियल लैडर फायर टेंडर (Hydraulic Aerial Ladder Platform) की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि ऊंची इमारतों में लगने वाली आग पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ रेस्क्यू कार्य भी तेजी से किया जा सके। वर्तमान समय में शहरीकरण की बढ़ती गति को देखते हुए इस प्रकार के आधुनिक उपकरण राज्य के लिए अत्यंत आवश्यक हो गए हैं।

    बैठक में यह भी चिंता व्यक्त की गई कि घनी आबादी एवं संकरी गलियों वाले क्षेत्रों में बड़ी दमकल गाड़ियों का समय पर पहुंच पाना कठिन होता है। इसलिए अग्निशमन विभाग को फायर रेस्पॉन्स मोटरसाइकिल एवं क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) उपलब्ध कराए जाने चाहिए, जिससे आग लगने की सूचना मिलते ही शुरुआती कुछ मिनटों में घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

    बैठक में राज्य सरकार एवं अग्निशमन विभाग के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखने का निर्णय लिया गया—

    * रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए हाई-राइज फायर फाइटिंग मशीनें उपलब्ध कराई जाएं।
    * अग्निशमन विभाग में आधुनिक उपकरणों के साथ पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित कर्मियों की नियुक्ति की जाए।
    * व्यापारिक एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त फायर स्टेशन एवं त्वरित प्रतिक्रिया इकाइयों (Quick Response Units) की स्थापना की जाए।

    बैठक में यह भी कहा गया कि आग लगने की घटनाओं में शुरुआती 10 से 15 मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। यदि आधुनिक उपकरण एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली उपलब्ध हो, तो जन-धन की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

    एफजेसीसीआई की फायर एंड डिजास्टर सब-कमेटी ने राज्य सरकार से आग्रह किया कि झारखंड की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग का शीघ्र आधुनिकीकरण किया जाए, ताकि नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो सके।

    बैठक में एफजेसीसीआई के उपाध्यक्ष श्री प्रवीण लोहिया, श्री राम बगार, संयुक्त सचिव श्री रोहित पोद्दार, श्री नवजोत आलंग, उपसमिति के चेयरमैन श्री राहिल ज़फ़र तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
    — 
    रोहित अग्रवाल
    महासचिव
    ==================

Copyright © 2021-2026 FJCCI