Press Release

FJCCI Skill Development Sub-Committee Meeting Held at Chamber Bhawan.

  • 25Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति  (रांची, 25 जुलाई 2026 )
    स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी की बैठक सम्पन्न, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
    -------------------------------------------------------------------------

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी की बैठक शनिवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई। 
    बैठक में उद्योगों एवं व्यवसायों की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कौशल विकास गतिविधियों को गति देने पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न संस्थानों के साथ हुए एमओयू (MoU) के प्रभावी क्रियान्वयन पर समीक्षा करते हुए उन्हें और अधिक सक्रिय बनाने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह तय किया गया कि एफजेसीसीआई के सदस्यों, उद्यमियों एवं उनके कर्मचारियों के लिए नियमित रूप से आधुनिक, उद्योगोन्मुखी एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
    बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई। 3 अगस्त 2026 को "AI in Business" विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉ. सत्यजीत महतो, प्रोफेसर, बीआईटी मेसरा, विशेषज्ञ वक्ता के रूप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावसायिक उपयोग, उत्पादकता, निर्णय प्रक्रिया एवं भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन देंगे। इसके पश्चात 11 अगस्त 2026 को "Digital Marketing" विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसका संचालन श्री अमित मोदी, Digi Crow द्वारा किया जाएगा। इस सत्र में डिजिटल ब्रांडिंग, सोशल मीडिया मार्केटिंग, ऑनलाइन ग्राहक पहुँच एवं आधुनिक विपणन रणनीतियों की जानकारी दी जाएगी।
    बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भविष्य में सेल्स, मार्केटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लीडरशिप, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, संचार कौशल तथा अन्य रोजगारोन्मुखी विषयों पर नियमित प्रशिक्षण, विशेषज्ञ व्याख्यान एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
    समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि इन पहलों से झारखंड के उद्योगों एवं व्यापार जगत को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होगा, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य में कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी।
    बैठक में उपाध्यक्ष श्री प्रवीण लोहिया  एवं श्री राम बंगार, संयुक्त सचिव श्री रोहित पोद्दार, स्किल डेवलपमेंट सब-कमिटी के चेयरमैन श्री प्रियांक एवं श्री आलोक सिंह, तथा सदस्य श्री अतुल अग्रवाल उपस्थित रहे।
    -
    रोहित अग्रवाल
    महासचिव 
    ==================

Copyright © 2021-2026 FJCCI