प्रेस विज्ञप्ति (22.07.2026)
उद्यमियों को जोड़ रही एफजेसीसीआई की बिजनेस एक्सचेंज समिति, 10 करोड़ से अधिक का व्यवसाय | व्यवसायियों के लिए अवसरों का केंद्र बनी एफजेसीसीआई की बिजनेस एक्सचेंज समिति |
------------------------------------------------------------------------

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) की बिज़नेस एक्सचेंज उप समिति की सातवीं बैठक बुधवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योगपति, व्यवसायी एवं उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए तथा आपसी व्यावसायिक सहयोग को और सशक्त बनाने पर चर्चा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि समिति के गठन से अब तक सदस्यों के बीच 10 करोड़ रुपये से अधिक का व्यवसाय हो चुका है, जो इस पहल की सफलता का प्रमाण है। नियमित बैठकों एवं सक्रिय सहभागिता के कारण सदस्यों के बीच नए व्यावसायिक अवसर विकसित हुए हैं तथा अनेक सदस्यों को प्रत्यक्ष रूप से इसका लाभ मिला है।
बैठक में कहा गया कि यह उप समिति एफजेसीसीआई की सबसे सक्रिय एवं महत्वपूर्ण उप समितियों में से एक बनकर उभरी है। इसकी विशेषता यह है कि इसमें विविध क्षेत्रों एवं अलग-अलग प्रकार के व्यवसायों से जुड़े सदस्य शामिल हैं, जिससे एक-दूसरे के अनुभवों एवं नेटवर्क का लाभ सभी को मिल रहा है। नियमित उपस्थिति एवं संवाद के माध्यम से सदस्यों के बीच विश्वास, सहयोग और व्यापारिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।
बैठक के दौरान सदस्यों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के नेटवर्किंग कार्यक्रम, व्यवसायिक संवाद एवं परस्पर सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की। एफजेसीसीआई ने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापार एवं उद्योग जगत को सशक्त बनाने तथा सदस्यों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। चैंबर का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक उद्यमी एवं व्यवसायी इस मंच से जुड़कर अपने व्यवसाय का विस्तार करें तथा एक-दूसरे के साथ मिलकर नई संभावनाओं का सृजन करें।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, बिज़नेस एक्सचेंज उप समिति के चेयरमैन अमित मिश्रा, सदस्य पूनम आनंद, सहित काफी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
-------------------------------------
रोहित अग्रवाल
महासचिव
Copyright © 2021-2026 FJCCI