Press Release

FJCCI Petroleum and Explosives Sub-Committee Meeting Held at Chamber Bhawan.

  • 20Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति  (दिनांक 20/07/2026) 
    पेट्रोलियम एवं एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक
    ==========
    झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पेट्रोलियम एवं एक्सप्लोसिव उप समिति की बैठक चैंबर भवन  में हुई। बैठक में अमेरिका और ईरान के बीच पुनः बढ़े तनाव के वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों तथा भारत में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी और प्राकृतिक गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति की स्थिति पर विमर्श किया गया। यह आशंका व्यक्त की गई कि यदि तनाव लंबे समय तक बना रहता है तो  कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता बढ़ सकती है, जिसका सीधा प्रभाव भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर पड़ना स्वाभाविक है। इससे पेट्रोलियम उत्पादों की लागत, परिवहन व्यय तथा आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

    सदस्यों ने एलपीजी उपभोक्ताओं को हो रही व्यावहारिक परेशानियों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। बताया गया कि दूसरी बार एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों की अनिवार्य अवधि के बाद भी डीएसी नंबर जारी होने में लगभग 15 दिन का अतिरिक्त समय लग जाता है। इस प्रकार उपभोक्ताओं को कुल 40 दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिला प्रशासन द्वारा इस व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। बैठक में यह भी कहा गया कि वर्तमान समय में झारखंड में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी एवं प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सामान्य है। हालांकि परिस्थितियों पर निरंतर निगरानी रखना आवश्यक है ताकि भविष्य में किसी भी संभावित चुनौती का समय रहते समाधान किया जा सके। चैंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि शहर में गेल इंडिया द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य और अधिक गति से किया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी की सुविधा उपलब्ध हो सके।

    बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, उप समिति चेयरमैन जसविंदर सिंह, सदस्य किशन अग्रवाल, आनंद जालान एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे |
    -
    रोहित अग्रवाल
    महासचिव 
    ===============

Copyright © 2021-2026 FJCCI