प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :20/07/2026)
नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस समारोह में झारखंड चैंबर ने जीआई उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं बाजार उपलब्ध कराने पर दिया बल
===============


नाबार्ड के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में झारखंड के जीआई उत्पादों को बढ़ावा देने के विषय पर आयोजित कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। चैम्बर अध्यक्ष ने नाबार्ड को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण भारत के सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों तथा ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने में नाबार्ड की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। झारखंड की वास्तविक पहचान केवल खनिज संपदा नहीं, बल्कि यहाँ की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक शिल्प एवं जनजातीय विरासत है। उन्होंने कहा कि भागलपुरी साड़ी एवं फैब्रिक्स, कुचाई सिल्क, केसरिया कलाकंद, डोकरा शिल्प, जनजातीय आभूषण एवं बाँस शिल्प सहित झारखंड के 11 उत्पादों को जीआई टैग मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है।
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड चैंबर राज्य के जीआई उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। इसके लिए उत्पादों के आकर्षक पैकेजिंग तथा प्रभावी मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ई-कॉमर्स के माध्यम से स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़कर उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने नाबार्ड, झारक्राफ्ट एवं उद्योग विभाग को आश्वस्त किया कि झारखंड चैंबर बाजार उपलब्ध कराने, ग्रामीण उद्यमियों के मार्गदर्शन तथा अपने सदस्य प्रतिष्ठानों के माध्यम से जीआई उत्पादों को कॉरपोरेट गिफ्टिंग एवं रिटेल बाजार में बढ़ावा देने के लिए पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने यह भी कहा कि वियतनाम में बाँस से निर्मित फैब्रिक एवं अन्य उत्पादों का बड़े पैमाने पर उपयोग हो रहा है, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्योगों को व्यापक आर्थिक लाभ मिल रहा है। झारखंड भी इस दिशा में उल्लेखनीय संभावनाएँ रखता है।
कार्यक्रम में झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह, आरबीआई की क्षेत्रीय निदेशक रक्षा मिश्रा, नाबार्ड झारखंड की मुख्य महाप्रबंधक दीपमाला घोष, एसएलबीसी के महाप्रबंधक गुरु प्रसाद गोंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, कारीगर एवं उद्यमी उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
================
Copyright © 2021-2026 FJCCI