Press Release

Jharkhand Chamber’s Request Approved: State-Wide Weight and Measurement Camps to Be Organized.

  • 17Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक:17/07/2026)
    झारखंड चैंबर के आग्रह पर राज्यभर में मापतौल शिविर लगाने पर बनी सहमति
    ============

    Uploaded Image
    खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के नियंत्रक, विधिक माप विज्ञान प्रभाग द्वारा आयोजित बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और लेबर-ईएसआई उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में चैम्बर द्वारा विधिक माप विज्ञान विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा और अन्य उच्चाधिकारियों के साथ मापतौल संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

    चैंबर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने सुझाव दिया कि विभाग, झारखंड चैंबर के साथ समन्वय स्थापित कर राज्यभर के जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से नियमित रूप से मापतौल सत्यापन शिविर आयोजित करे। इससे व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के मापतौल उपकरणों के सत्यापन और नवीकरण के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह भी चिंता व्यक्त की गई कि वर्तमान में पूरे राज्य में मात्र चार मापतौल निरीक्षक कार्यरत हैं, जिससे व्यापारियों को समय पर सेवाएं प्राप्त करने में कठिनाई होती है। उप समिति चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने यह मांग की कि राज्य के सभी जिलों में मापतौल निरीक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित कराई जाय। उन्होंने कहा कि विभाग एवं व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रत्येक जिले में निरीक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी तथा मापतौल संबंधी प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी, सरल एवं सुगम बन सकेंगी।

    चैंबर के आग्रह पर विभागीय सचिव राजेश कुमार शर्मा ने आश्वस्त किया कि प्रत्येक जिले में जिस स्थान पर मापतौल निरीक्षक कार्यालय में बैठेंगे, उसकी तिथि एवं समय पूर्व निर्धारित कर झारखंड चैंबर को उपलब्ध कराया जाएगा तथा स्थानीय जिला चैंबर के समन्वय से संबंधित क्षेत्र के व्यापारियों को इसकी सूचना दी जाएगी ताकि अधिकाधिक व्यापारी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बैठक के दौरान मापतौल लाइसेंस व्यवस्था के सरलीकरण पर चर्चा हुई और मैन्युफैक्चरर-ट्रेडर के लिए वन टाइम लाइसेंस शुल्क तय करने पर सहमति बनी।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ================

Copyright © 2021-2026 FJCCI