Press Release

FJCCI Delegation Pays Courtesy Visit to CM Hemant Soren; Positive Talks Held on State’s Industrial Growth.

  • 01Jul-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :01/07/2026)
    माननीय मुख्यमंत्री से मिला झारखंड चैंबर का प्रतिनिधिमंडल, उद्योग-व्यापार एवं रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे
    =============

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश, रोजगार सृजन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा की। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि फेडरेशन द्वारा शीघ्र ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के सभी जिला चैंबर, उद्योगपति, व्यापारी एवं उद्यमी भाग लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया।

    बैठक में व्यापार, उद्योग, निवेश, लॉ एंड आर्डर, टूरिज्म डेवलपमेंट, रेलवे कनेक्टिविटी तथा रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। चैंबर अध्यक्ष ने देवघर प्लास्टिक पार्क में उद्योगों की स्थापना को गति देने के लिए शीघ्र निवेश-अनुकूल प्लास्टिक नीति लागू करने का सुझाव दिया। यह कहा कि इससे झारखंड पूर्वी भारत का प्रमुख प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग केंद्र बन सकेगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि चैंबर द्वारा राज्य के सभी इंडस्ट्रीयल एरिया का दौरा किया जा रहा है। फेडरेशन के सुझाव पर इंडस्ट्रीयल एरिया की समस्याओं के समाधान हेतु जियाडा और उद्योग विभाग द्वारा किये जा रहे प्रयास की प्रशंसा की। यह भी सुझाया कि माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में झारखण्ड चैंबर एवं संबंधित विभागों के साथ प्रत्येक तीन माह में राज्यस्तरीय औद्योगिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाय। साथ ही उन्होंने इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ की तर्ज पर झारखंड इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के गठन, सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने तथा छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम के अंतर्गत औद्योगिक प्रयोजनों हेतु रैयत भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का आग्रह किया। 

    प्रतिनिधिमंडल ने खासमहल भूमि को फ्रीहोल्ड करने की मांग भी रखी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती हेतु रांची से गढ़वा रोड, रांची से कोडरमा, रांची से धनबाद तथा गोड्डा से जसीडीह के बीच फास्ट मेमू ट्रेनों के परिचालन हेतु राज्य सरकार से रेल मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित करने का अनुरोध किया गया। यह कहा गया कि पंचायत स्तर के विकास के साथ सस्ती एवं सुलभ परिवहन व्यवस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने माननीय मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रॉयल्टी चालान व्यवस्था पूर्णतः सुचारु होने तक संवेदकों के लंबित आरए बिल्स का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए जाएं। इससे विकास परियोजनाओं में निरंतरता बनी रहेगी और निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।

    पर्यटन विकास के संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए बाबा बैद्यनाथधाम मंदिर परिसर के आसपास टूरिस्ट पुलिस एवं टूरिस्ट थाना स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही साहेबगंज एवं डालटनगंज में ट्रैफिक थाना स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। होल्डिंग टैक्स में बढ़ोतरी से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिनिधिमंडल ने टैक्स की दर बढ़ाने के बजाय करदाताओं की संख्या एवं कर आधार का विस्तार करने का सुझाव दिया। यह भी कहा गया कि झारखंड में बैंकों का क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात अपेक्षाकृत कम होने से व्यापार, उद्योग, कृषि एवं एमएसएमई क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में राज्य सरकार से बैंकिंग संस्थानों के साथ समीक्षा बैठक कर ऋण वितरण बढ़ाने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया। बैठक में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसके साथ ही पलामू, साउथ छोटानागपुर, नार्थ छोटानागपुर, कोयलांचल एवं संताल परगना प्रमंडलों के विकास से संबंधित प्रतिवेदन क्षेत्रीय उपाध्यक्षों द्वारा मुख्यमंत्री को सौंपे गए।

    माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और विभिन्न विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। विशेष रूप से संताल परगना एवं पलामू प्रमंडल के विकास के प्रति उनकी स्पष्ट प्रतिबद्धता देखने को मिली।

    प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कोयलांचल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, पलामू के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदयशंकर दुबे, साउथ छोटानागपुर प्रमंडल के रमेश कुमार चिनी, नार्थ छोटानागपुर प्रमंडल के विनय अग्रवाल, पलामू चेम्बर के अध्यक्ष आनंद शंकर शामिल थे।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ==============

Copyright © 2021-2026 FJCCI