प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/06/2026)
झारखंड की औद्योगिक संभावनाओं और उद्यमिता पर चैंबर में संवाद
===============


आज चैम्बर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बैठक सनसिटी प्रोजेक्ट्स के चेयरमेन एवं ऋषिहुड यूनिवर्सिटी के संस्थापक लक्ष्मी नारायण गोयल के साथ हुई। बैठक में प्रसिद्ध उद्यमी एस.के. जिंदल, विनीत कुमार गुप्ता लोहिया, संजीव गोयल एवं रमेश कनोडिया सहित चैंबर के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उद्योग, उद्यमिता, शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा झारखंड के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर व्यापक विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान लक्ष्मी नारायण गोयल ने कहा कि किसी भी देश में रोजगार सृजन का सबसे बड़ा माध्यम उद्यमी और व्यापारी होते हैं। देश की अर्थव्यवस्था, कर संग्रह और राष्ट्र निर्माण में व्यापारिक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज को समाज और शासन दोनों स्तरों पर उचित सम्मान मिलना चाहिए तथा व्यवसाय से जुड़े लोगों के साथ अनावश्यक उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने व्यापारिक वर्ग से संगठित होकर अपने हितों एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने एकल अभियान द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवा कार्य तथा भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। साथ ही झारखंड में उपलब्ध प्रचुर खनिज संपदा के बेहतर दोहन के लिए आधुनिक तकनीक, निवेश और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान झारखंड चैंबर की कार्यशैली की सराहना करते हुए उद्यमियों ने संगठन की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने चैंबर के दावोस दौरे के अनुभवों की भी जानकारी ली। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दावोस यात्रा के दौरान झारखंड को लेकर वैश्विक स्तर पर सकारात्मक धारणा बनी है। माननीय मुख्यमंत्री के प्रयासों से झारखण्ड में निवेश और औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं बनी हैं तथा क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में झारखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रख्यात उद्यमियों की उपस्थिति में आज की बैठक में चैंबर की भविष्य की भूमिका, उद्यमियों की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी तथा झारखंड को औद्योगिक रूप से अधिक विकसित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे संवाद से राज्य में उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी और उद्योगों के विकास को गति प्राप्त होगी।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा, अनीश बुधिया, पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया, दीपक कुमार मारु, धीरज तनेजा, सदस्य पूनम आनंद एवं एकल अभियान के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
==================
Copyright © 2021-2026 FJCCI