प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :25/06/2026)
कार्यकारिणी समिति की बैठक
भवन नियमितीकरण योजना की अवधि छह माह बढ़ाने की मांग
==================


फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारिणी समिति की दसवीं बैठक आज चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भवन नियमितीकरण योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त होने के मद्देनजर राज्य सरकार से योजना की अवधि कम से कम छह माह बढ़ाने तथा इसके कुछ प्रावधानों को व्यवहारिक एवं सरल बनाने की मांग की गई। सदस्यों ने कहा कि इससे अधिकाधिक नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड के विभिन्न इंडस्ट्रियल एरिया के दौरे के दौरान उद्यमियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जियाडा द्वारा समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल की जा रही है, जिससे उद्यमियों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने जियाडा द्वारा तैयार किये जा रहे नए रेगुलेशन के लिए भी उद्यमियों से सुझाव देने की अपील की।
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड चैंबर द्वारा 13 से 19 जुलाई के बीच चाइना का अंतर्राष्ट्रीय बिजनेस टूर का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान शंघाई चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं विभिन्न चीनी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बी-टू-बी बिजनेस मीटिंग आयोजित होगी, जिससे व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग एवं दीर्घकालीन व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसर तलाशे जा सकें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के सहयोग से शीघ्र ही राज्य स्तर पर एक वृहद जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में डिस्पोजेबल व्यवसायियों ने गारबेज बैग (डस्टबिन लाइनर) को सिंगल यूज प्लास्टिक मानते हुए रांची नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई पर नाराजगी जताई। चैम्बर अध्यक्ष ने उम्मीद जताई की कि इस विषय पर जल्द ही पॉलुशन कंट्रोल बोर्ड आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा। सदस्यों ने बाजार टांड़ के दुकानदारों को नगर निगम द्वारा पुनः नोटिस जारी किए जाने से उत्पन्न समस्या से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह तय किया गया कि इस मामले में महापौर से वार्ता की जाएगी।
संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा सहित अन्य जिलों में हर वर्ष 10 प्रतिशत की दर से बढ़ रहे होल्डिंग टैक्स पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसका अतिरिक्त बोझ व्यापारियों एवं आम जनता दोनों पर पड़ रहा है। राज्य सरकार को इसपर चिंतन करना चाहिए। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने चैंबर की उप समितियों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक 188 बैठकें हो चुकी हैं जो स्वयं में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने उप समितयों के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की तथा सदस्यों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
मापतौल विभाग में निरीक्षकों की कमी से व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर भी सदस्यों द्वारा चर्चा की गई। यह कहा गया कि एक-एक निरीक्षक को कई जिलों का प्रभार होने के कारण कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है। चैम्बर अध्यक्ष ने इस मामले में विभागीय मंत्री एवं सचिव से शीघ्र बैठक कर समाधान की बात कही। व्यवसायियों की मांग पर सह सचिव रोहित पोद्दार ने शीघ्र ही एआई पर कार्यशाला आयोजित करने की बात कही। यह भी अवगत कराया कि झारखंड के इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चैंबर ने झारखंड इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के गठन का प्रस्ताव राज्य सरकार को दिया है। रांची नगर निगम एवं उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की तर्ज पर उद्योग विभाग के अंतर्गत ऐसी सुरक्षा व्यवस्था विकसित होने से औद्योगिक क्षेत्रों की कई समस्याओं का समाधान संभव होगा।
सह सचिव नवजोत अलंग ने चैंबर की सदस्यता हेतु प्राप्त आवेदनों को कार्यकारिणी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। गुमला नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने भी अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से सदन को अवगत कराया।
बैठक में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार एवं संजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, अनिस बुधिया, डॉ अभिषेक रामाधीन, मनीष सराफ, मुकेष अग्रवाल, राहुल साबू, शैलेष अग्रवाल, तुलसी पटेल, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, मनोज नरेडी, पवन शर्मा, उप समिति चेयरमेन रमाषंकर बागडिया, साहित्य पवन, प्रीयंक भगत, तेजविंदर सिंह, किषन अग्रवाल, महेंद्र जैन, अमित मिश्रा, सुबोध चौधरी, कुणाल विजयवर्गीय, सुनिल गुप्ता, श्रीकृष्ण अग्रवाल, पंकज मक्कड, राजीव प्रकाष, सदस्य अरूण जोषी, सुनिल गुप्ता, संजय सिंह उपस्थित थे।
-
नवजोत अलंग
सह सचिव
=======================
Copyright © 2021-2026 FJCCI