Press Release

State-Wide Drive: Jharkhand Chamber Reviews Sudna Industrial Area in Palamu.

  • 18Jun-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :18/06/2026)
    झारखण्ड चैम्बर द्वारा पलामू इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा 
    ================

    Uploaded Image
    राज्य के इंडस्ट्रियल एरिया की वर्तमान स्थिति का आकलन करने हेतु फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत आज पलामू स्थित सुदना इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया गया। प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर के महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय शंकर दुबे तथा पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी शामिल थे।

    निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज एवं सुरक्षा व्यवस्था जैसी कमियां सामने आईं। यह देखा गया कि 33 एकड़ में विकसित वर्तमान इंडस्ट्रियल एरिया पूरी तरह भर चुका है और नए उद्योगों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है। ऐसे में जिले में भूमि चिन्हित कर एक नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना समय की आवश्यकता है।

    इसके बाद पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ आयोजित बैठक में जिले के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिले के व्यापारियों द्वारा बताया गया कि मेदिनीनगर एयरपोर्ट व्यावसायिक उड़ानों के लिए लगभग तैयार है, केवल आवश्यक एनओसी मिलने के बाद यहां से कमर्शियल फ्लाइट शुरू की जा सकती है। इसके अलावा पिछले तीन वर्षों से लंबित 20 मेगावाट सोलर पावर प्लांट योजना को शीघ्र स्वीकृति देने तथा भविष्य में कचरवा डैम क्षेत्र में 100 मेगावाट क्षमता का सोलर प्रोजेक्ट विकसित करने का सुझाव भी दिया गया। व्यापारियों ने शहर में बढ़ते अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, ट्रैफिक थाना की स्थापना, खासमहल से जुड़ी समस्याओं के समाधान, नियमित फायर मॉक ड्रिल तथा शहर के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

    बैठक में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष चर्चा हुई। पलामू चैंबर की महिला विंग, जिसमें 100 से अधिक सदस्य हैं, को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए पलामू चैंबर एवं झारखण्ड चैम्बर संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। साथ ही पलामू के विकास से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कराने का भी निर्णय लिया गया। पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आनंद शंकर ने कहा कि पलामू में उद्योग, व्यापार और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन आधारभूत सुविधाओं एवं नीतिगत निर्णयों में विलंब के कारण विकास की गति प्रभावित हो रही है। सरकार यदि एयरपोर्ट, नए इंडस्ट्रियल एरिया और खासमहल जैसी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करे तो पलामू निवेश और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है।

    पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय शंकर दुबे ने कहा कि पलामू के औद्योगिक विकास के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना अब अनिवार्य हो चुकी है। चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि झारखण्ड चैम्बर राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों का वास्तविक आकलन कर सरकार के समक्ष एक समग्र रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। पलामू से प्राप्त सभी सुझावों एवं मांगों को भी सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यापारिक विकास को नई गति मिल सके।

    सह सचिव नवजोत अलंग और सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि झारखण्ड चैम्बर स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर इन मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगा, ताकि पलामू के विकास को नई दिशा मिल सके।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ================

Copyright © 2021-2026 FJCCI