प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :13/06/2026)
साहेबगंज में ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शपथ ग्रहण समारोह में झारखण्ड चैम्बर के पदाधिकारी शामिल हुए
==============


ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहेबगंज की नवगठित कार्यकारिणी समिति के शपथ ग्रहण समारोह में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, को-ऑर्डिनेशन विद एफिलिएटेड उप समिति के चेयरमैन साहिल्य पवन, संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल और सह सचिव रोहित पोद्दार ने ईस्टर्न झारखण्ड चैम्बर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय भुवानिया एवं अंकित केजरीवाल, सचिव मोहित मेघराजका, सह सचिव पिंटू साह एवं अजय डोकानिया, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए।
झारखंड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, साहिबगंज की नई कार्यकारिणी के गठन से क्षेत्र के व्यापार एवं उद्योग जगत को नई दिशा एवं ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड चैंबर राज्यभर की संबद्ध संस्थाओं के साथ मिलकर व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा औद्योगिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने राज्य में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, उद्योगों की समस्याओं के समाधान, निवेश प्रोत्साहन तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए झारखंड चैंबर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
झारखंड चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि एक मजबूत संगठन ही व्यापारिक समुदाय की सबसे बड़ी शक्ति होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों को एक सशक्त मंच प्रदान करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी तथा क्षेत्र में व्यापार एवं उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। झारखंड चैंबर के संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि साहेबगंज सहित पूरे संथाल परगना क्षेत्र में व्यापार एवं उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों की आवाज को और अधिक मजबूती से उठाने का कार्य करेगी तथा क्षेत्र के अधिकाधिक व्यापारियों को झारखंड चैंबर से जोड़कर उन्हें राज्यस्तरीय मंच का लाभ दिलाने का प्रयास करेगी।
झारखंड चैंबर के को-ऑर्डिनेशन उप समिति के चेयरमैन साहिल्य पवन ने कहा कि झारखंड चैंबर की संबद्ध संस्थाएं संगठन की रीढ़ हैं और उनका सक्रिय योगदान संगठन को निरंतर नई पहचान एवं मजबूती प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि साहेबगंज की नई कार्यकारिणी न केवल स्थानीय व्यापारिक समुदाय को सशक्त बनाएगी, बल्कि झारखंड चैंबर के संगठनात्मक विस्तार और प्रभाव को भी नई गति देगी।
ईस्टर्न झारखण्ड चैम्बर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने संगठन द्वारा उन पर व्यक्त किए गए विश्वास के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा व्यापारिक समुदाय की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित स्वदेशी, समाजसेवी चंद्रवर प्रसाद सिन्हा, डॉ कमल महावर, डॉ. विजय कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नव निर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में सचिव मोहित मेघराजका ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===================
Copyright © 2021-2026 FJCCI