Press Release

JIADA MD Varun Ranjan Visits FJCCI to Discuss Industrial Issues.

  • 08Jun-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :08/06/2026)
    झारखण्ड चैंबर एवं जियाडा के बीच औद्योगिक विकास को गति देने हेतु बैठक
    ========== 

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आमंत्रण पर जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन आज चैंबर भवन में आये और उद्योगों की समस्या पर वार्ता की। बैठक में राज्य के औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा जियाडा द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जियाडा एमडी ने बताया कि जियाडा रेगुलेशन-2016 में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं ताकि उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार हो सके तथा वास्तविक निवेशकों को आने वाली कठिनाइयों को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि बदलते औद्योगिक परिदृश्य एवं तकनीकी विकास को ध्यान में रखते हुए नए रेगुलेशन तैयार किए जा रहे हैं, जिनका प्रारूप औद्योगिक संगठनों के साथ साझा कर उनके सुझाव भी लिए जाएंगे।

    उन्होंने भूमि आवंटन एवं पजेशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं निवेशक-अनुकूल बनाने, डीओपी की परिभाषा को सरल करने, परियोजना परिवर्तन की सुविधा प्रदान करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में बिल्डिंग प्लान अनुमोदन से संबंधित प्रक्रियाओं को स्पष्ट करने जैसे महत्वपूर्ण सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग, बुनियादी सुविधाओं के विकास तथा निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जियाडा लगातार प्रयासरत है। बैठक में सेक्टरवार उद्योगों की समस्याओं को समझने एवं उनके समाधान हेतु नियमित सेक्टोरल राउंड टेबल मीटिंग आयोजित करने, निवेश प्रोत्साहन को और प्रभावी बनाने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नीतिगत सुधार करने पर भी सहमति बनी। झारखण्ड चैंबर ने इन प्रयासों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

    चैंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार द्वारा राज्य में कोल्ड स्टोरेज इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स की आवश्यकता, पलामू में जियाडा के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना तथा न्यूनतम वेतन दरों से संबंधित मुद्दों से उत्पन्न चुनौतियों को भी प्रमुखता से उठाया गया। जियाडा के प्रबंध निदेशक ने इन विषयों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने जानकारी दी कि प्रत्येक माह के चौथे गुरुवार को जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक/उप निदेशक स्थानीय जिला चैंबर एवं औद्योगिक इकाइयों के साथ नियमित बैठक करेंगे, ताकि समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

    बैठक में राज्य में उपलब्ध औद्योगिक भूमि, नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, लैंड एक्विजिशन सेल के गठन, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में डीजीएफटी कार्यालय की स्थापना तथा इंडस्ट्रियल इंफ्रा को सुदृढ़ बनाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। झारखण्ड चैंबर के महासचिव रोहित अग्रवाल ने राज्य में औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए जियाडा द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक प्रयासों की सराहना की तथा उद्योगों के हित में सरकार एवं विभागों के साथ रचनात्मक सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

    बैठक में चैम्बर के महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, पूर्व अध्यक्ष रंजीत टिबड़ेवाल एवं अन्य सदस्य उपस्थित थे। 
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    =======================

Copyright © 2021-2026 FJCCI