Press Release

Bus Transport Sub-Committee of FJCCI Convenes Meeting on Operators' Grievances.

  • 04Jun-2026

    प्रेस विज्ञप्ति  (दिनांक 04.06.2026) 
    ---------------------------------------------------------------------

    Uploaded Image
    फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बस परिवहन उप समिति की बैठक आज उप समिति के चेयरमैन महेश कुमार लाल की अध्यक्षता में चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठक में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के बस मालिकों की समस्याओं एवं बस परिवहन व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में रांची, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, एवं लोहरदगा बस ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
    बैठक में सर्वप्रथम राज्य परिवहन प्राधिकार द्वारा विगत लगभग 18 माह से बस परमिट के नवीनीकरण एवं प्रतिस्थापन की प्रक्रिया बंद रहने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। उपस्थित बस संचालकों ने सर्वसम्मति से मांग की कि इस प्रक्रिया को तत्काल संचिका के माध्यम से  प्रारंभ किया जाए ताकि परिवहन व्यवसायियों को राहत मिल सके। पूर्व में भी होता रहा है |
    बैठक में कॉन्ट्रैक्ट परमिट की प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन करने की मांग भी उठाई गई। सदस्यों ने सुझाव दिया कि 4 दिनों से लेकर 28 दिनों तक की अवधि के कॉन्ट्रैक्ट परमिट ऑनलाइन निर्गत करने की व्यवस्था  परिवहन विभाग द्वारा की जाए, ऑनलाइन की व्यवस्था अन्य राज्यों में है |
    सदस्यों ने यह भी मांग की कि अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के परमिटों पर तत्काल किए जा रहे प्रतिहस्ताक्षर की प्रक्रिया की समीक्षा की जाए और प्राधिकार की बैठक में रखकर निर्णय लेने का अनुरोध है तथा स्थानीय बस संचालकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
    बैठक में बस संचालन में बेतहाशा खर्च लागतों की विस्तृत समीक्षा की गई। सदस्यों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में डीजल, यूरिया, टायर, बस बॉडी, चेसिस, टोल टैक्स, बस स्टैंड शुल्क, वाहन मेंटेनेंस, मोटर पार्ट्स एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। जबकि वर्तमान बस किराया वर्ष 2021 में निर्धारित किया गया था। लगातार बढ़ती लागत के कारण बस संचालन आर्थिक रूप से अत्यंत कठिन होता जा रहा है।
    इन परिस्थितियों को देखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से बस किराए में वृद्धि का निर्णय लिया गया। निर्णय के अनुसार शहरी क्षेत्रों में बस किराए में 18 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 12 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। 
    बैठक में चैंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़, पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार बुधिया, किशोर मंत्री, सदस्य राजेन्द्र अग्रवाल, अब्दुल कादिर, सलमान अंसारी, प्रवीण अग्रवाल, अशफाक आज़म/शेरू, निर्मल गोयल, शिव सोनी, राजेश भगत, फैयाज अहमद, नेजार अंसारी, बसंत प्रसाद, अनुनय मंत्री, संजय यादव सहित बड़ी संख्या में बस संचालक एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
    -------------------------------------------------------------------------------------------
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 

Copyright © 2021-2026 FJCCI