प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :02/06/2026)
औद्योगिक निवेश बढ़ाने और प्लास्टिक पार्क को गति देने पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
=============

फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों एवं संताल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल के बीच आज एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संताल परगना क्षेत्र, विशेषकर देवघर एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास तथा उद्योगों को प्रोत्साहन देने हेतु आवश्यक नीतिगत पहल एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान संताल परगना चैंबर के पदाधिकारियों ने हाल ही में झारखण्ड चैंबर द्वारा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के दौरे के दौरान चिन्हित समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्योग सचिव एवं जियाडा के प्रबंध निदेशक के हस्तक्षेप से कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई है, जिससे उद्योग जगत में सकारात्मक संदेश गया है।
बैठक में देवघर स्थित प्लास्टिक पार्क के शीघ्र संचालन, लंबित प्लॉटों के आवंटन एवं नए निवेशकों को आकर्षित करने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संताल परगना चैंबर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि देवघर प्लास्टिक पार्क में लगभग 95 प्रतिशत आधारभूत संरचना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। राज्य सरकार प्लास्टिक उद्योग से जुड़े निवेशकों एवं एसोसिएशनों के साथ मिलकर एक बड़े निवेश सम्मेलन का आयोजन करे तथा प्लास्टिक पार्क के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज एवं आकर्षक औद्योगिक नीति लागू करे तो इससे बड़ी संख्या में जिले में रोजगार का सृजन सम्भव है।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि देवघर प्लास्टिक पार्क झारखण्ड के औद्योगिक विकास की दृष्टि से एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने प्लास्टिक उद्योग से जुड़े निवेशकों को आकर्षित करने एवं पार्क में उद्योग स्थापना को गति देने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर निवेशक सम्मेलन आयोजित कराने हेतु झारखण्ड चैंबर द्वारा हरसंभव प्रयास के लिए आश्वस्त किया। यह भी कहा कि झारखण्ड चैंबर राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके निकट भविष्य में सकारात्मक परिणाम आएंगे।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, संताल परगना चैम्बर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अलोक मल्लिक सहित देवघर जिले के अन्य उद्यमी शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
=====================
Copyright © 2021-2026 FJCCI