Press Release

FJCCI Holds 9th Executive Committee Meeting Under President Aditya Malhotra.

  • 30May-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/05/2026)
    झारखण्ड चैंबर की कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न
    औद्योगिकीकरण, भवन नियमितीकरण, स्किल डेवलपमेंट एवं व्यापारिक समस्याओं पर हुई चर्चा
    ====================

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वर्तमान कार्यकारिणी समिति की नौवीं बैठक आज चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य में औद्योगिकीकरण को गति देने के उद्देश्य से झारखण्ड चैंबर द्वारा राज्य के इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया जा रहा है। प्रथम एवं द्वितीय चरण के दौरान उद्योगों से संबंधित जो समस्याएँ सामने आई हैं, उन्हें उद्योग सचिव एवं जियाडा के प्रबंध निदेशक के समक्ष रखकर उनके समाधान की दिशा में पहल की गई है। उन्होंने झारखण्ड में निफ्ट की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। यह अवगत कराया कि ओरमांझी में निफ्ट की स्थापना हेतु राज्य सरकार द्वारा केंद्र सरकार से आवश्यक पत्राचार किया गया है तथा इसकी जानकारी झारखण्ड चैंबर को भी उपलब्ध कराई गई है। सह सचिव रोहित पोद्दार ने जानकारी दी कि औद्योगिक क्षेत्रों के भ्रमण के तीसरे चरण में बोकारो, धनबाद एवं गिरिडीह इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा शीघ्र किया जाएगा।

    बैठक में राज्य में प्रभावी भवन नियमितीकरण योजना का अधिकतम लाभ लेने के लिए आमजनों से अपील की गई। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि झारखण्ड चैंबर द्वारा सभी प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों एवं जिला चैंबरों के सहयोग से राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। सदस्यों ने योजना की अवधि बढ़ाने का भी आग्रह किया। संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि दान में प्राप्त भूमि पर निर्मित भवनों के नियमितीकरण को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त है, विभाग को इसमें क्लैरिटी लानी चाहिए ताकि वैसे लोग भी इस योजना का लाभ उठा सकें।

    सदस्यों ने हरमू, बरियातू एवं अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी स्थित प्रतिष्ठानों को आवासीय सह व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सेवा सदन पथ में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम द्वारा की जा रही पहल की सराहना करते हुए नगर आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया गया। विदित हो कि चैंबर के आग्रह पर कनेक्टिंग नाला के चौड़ीकरण हेतु आवश्यक राशि आवंटित की जा चुकी है तथा मुख्य अभियंता द्वारा शीघ्र निविदा जारी करने का आश्वासन दिया गया है।

    चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि झारखण्ड चैंबर शीघ्र ही झारखण्ड स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ एक एमओयू करेगा। इससे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि विभागीय निदेशक के साथ हुई बैठक में इंडस्ट्री-आधारित स्किलिंग कार्यक्रम प्रारंभ करने पर भी सहमति बनी है। आज की बैठक में पिछली आमसभा में प्राप्त प्रस्तावों के आलोक में चैंबर के संविधान में संशोधन के विषय पर भी विमर्श किया गया। उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया एवं राम बांगड़ ने चैम्बर की उप समितियों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान सत्र में अब तक 163 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने उप समितियों के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की तथा सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। 


    सह सचिव नवजोत अलंग एवं सह सचिव रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से चैम्बर की सदस्यता के लिए प्राप्त आवेदनों को प्रस्तुत किया, जिन्हें कार्यकारिणी समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में उपस्थित गुमला चैंबर, श्री बंशीधर नगरउंटारी और तेलो चैम्बर के पदाधिकारियों ने भी अपने जिले की समस्याओं से अवगत कराया।
    सदस्यों ने राज्य में बालू की कमी तथा कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने बताया कि 12 दिसंबर 1996 से पूर्व स्थापित वैध आरा मिलों एवं काष्ठ आधारित उद्योगों को अधिसूचित वन क्षेत्र से 5 किलोमीटर की दूरी की अनिवार्यता से मुक्त करने के संबंध में अगले एक माह के भीतर सकारात्मक निर्णय आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर चैंबर पिछले पाँच वर्षों से लगातार प्रयासरत है। निर्णय होने के बाद बंद पड़ी अनेक आरा मिलों के पुनः संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित राज्यस्तरीय समिति से इसकी अनुशंसा हो गई है। बैठक के दौरान कार्यकारिणी समिति ने चैंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी को पंजाबी हिंदू बिरादरी का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी तथा उन्हें सम्मानित किया।

    बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, अनीश बुधिया, डॉ. अभिषेक रामाधीन, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, राहुल साबू, शैलेश अग्रवाल, तुलसी पटेल, पूर्व अध्यक्ष अरुण बुधिया, मनोज नरेड़ी, सज्जन सराफ, पवन शर्मा, कुणाल अजमानी, किशोर मंत्री, परेश गट्टानी, सदस्य जसविंदर सिंह, अंकिता वर्मा, माला कुजूर, नेहा पटवारी, शशांक भरद्वाज, तेजविंदर सिंह, किशन अग्रवाल, आनंद जालान, रामशंकर बगड़िया, अलोक सिंह, कृष्णा अग्रवाल, अमित मिश्रा, राजीव चौधरी, शैलेन्द्र सुमन, अरुण जोशी, संदीप नागपाल, गुमला चैम्बर से राजेश लोहानी, प्रणय कुमार, रितेश कुमार, प्रतिक अग्रवाल, नगरउंटारी से शम्भुनाथ सौदागर, अभिजीत जयसवाल के अलावा अन्य सदस्य उपस्थित थे। 
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    =================

Copyright © 2021-2026 FJCCI