Press Release

Three-Day Ranchi District Chess Championship 2026 Kicks Off at Chamber Bhawan; MP Mahua Maji Inaugurates Event.

  • 29May-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक; 29/05/2026)
    रांची जिला शतरंज चैम्पियनशिप 2026 उद्घाटन समारोह
    ====================

    Uploaded Image
    झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन द्वारा आज से चैम्बर भवन में तीन दिवसीय रांची जिला शतरंज चैम्पियनशिप 2026 का आयोजन प्रारम्भ हुआ। चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद (राज्यसभा) श्रीमती महुआ माजी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप महापौर नीरज कुमार तथा झारखण्ड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की उपस्थिति रही।

    मुख्य अतिथि माननीय सांसद श्रीमती महुआ मांझी ने कहा कि शतरंज मानसिक विकास, धैर्य एवं रणनीतिक सोच को मजबूत करने वाला खेल है। उन्होंने युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के दौरान रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के सचिव नवजोत अलंग, सतीश कुमार एवं मनीष कुमार द्वारा मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों—महुआ माजी, सिंभू मुर्मू, नीरज कुमार एवं आदित्य मल्होत्रा का सम्मान किया गया।

    कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ, जिसके पश्चात उद्घाटन संबोधन में खेल भावना, अनुशासन तथा जमीनी स्तर पर शतरंज के विकास के महत्व पर प्रकाश डाला गया। अतिथियों ने शतरंज की बिसात पर पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर कई गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल, एसोसिएशन के मनीष कुमार, संयुक्त सचिव (AICF); नवजोत अलंग, महासचिव (RDCA); सतीश कुमार, कोषाध्यक्ष (RDCA); मानसी सिंह, प्रबंधक (RDCA); रोहित पोद्दार, संयुक्त सचिव (FJCCI);अनिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष (FJCCI); दीपक कुमार, मुख्य निर्णायक; मिथलेश पांडेय, उपाध्यक्ष (RDCA); राजीव चटर्जी, उपाध्यक्ष (RDCA);  कुणाल अजमानी, उपाध्यक्ष (RDCA); विक्रम साहू, संयुक्त सचिव (RDCA); आशीष साहू, सदस्य (RDCA); सुनील कालरा, सदस्य (RDCA); अनिल राम, सदस्य (RDCA); तथा झारखंड के सामाजिक कार्यकर्ता सिंभू मुर्मू शामिल थे।

    अपने संबोधन में रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के महासचिव नवजोत अलंग ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, रणनीति और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से अधिक संख्या में इस खेल से जुड़ने का आह्वान किया तथा राज्य में शतरंज के उज्ज्वल भविष्य पर विश्वास व्यक्त किया। यह चैम्पियनशिप झारखंड में शतरंज के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है और नए खिलाड़ियों को मंच प्रदान कर राज्य में इस खेल के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

    इस चैम्पियनशिप में जिले भर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया है, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का एक उत्कृष्ट मंच प्राप्त हुआ है। आल झारखण्ड चेस एसोसिएशन तथा रांची डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके पश्चात प्रतियोगिता के मुकाबलों का आरंभ हुआ।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ===============

Copyright © 2021-2026 FJCCI