प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :12/05/2026)
झारखण्ड भवन नियमितीकरण योजना का पोर्टल 14 मई को लांच होगा
=============
झारखण्ड राज्य में प्रभावी भवन नियमितीकरण योजना से अधिकाधिक राज्यवासियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा गुरुवार, 14 मई को सुबह 11 बजे प्रोजेक्ट भवन में ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया जा रहा है। माननीय नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री सुदिव्य कुमार द्वारा इस पोर्टल का विधिवत लांच किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष एवं चैम्बर द्वारा गठित विशेष समिति के चेयरमैन किशोर मंत्री ने कहा कि यह योजना उन हजारों नागरिकों के लिए अत्यंत राहतकारी होगी, जिनके भवनों में मामूली विचलन के कारण अब तक नियमितीकरण की समस्या बनी हुई थी। चैम्बर इस योजना को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में राज्य सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
झारखण्ड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल के पूरी तरह सक्रिय होने से आवेदकों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। अब भवन नियमितीकरण से संबंधित प्रक्रियाएं अधिक सरल और समयबद्ध हो जाएंगी, जिससे लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी। महासचिव रोहित अग्रवाल ने राज्य सरकार के इस महत्वपूर्ण कदम का स्वागत करते हुए आशा जताई कि यह योजना शहरी विकास को नई दिशा देगी।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
=====================
Copyright © 2021-2026 FJCCI