प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :08/05/2026)
झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने हेतु राज्यव्यापी अभियान
===========




राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का आकलन करने हेतु फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में आज पतरातू, रामगढ़, हजारीबाग एवं बरही इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया गया।
इस दौरे का नेतृत्व चैम्बर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने किया। निरीक्षण के दौरान चैम्बर के कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मंजीत साहनी और सचिव मनोज चतुरवेदी भी उपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि इस अभियान में जियाडा के प्रबंध निदेशक और उद्योग विभाग का भरपूर सहयोग प्राप्त रहा।
चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय उद्यमियों के साथ संयुक्त रूप से औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा किया तथा बैठक आयोजित कर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में पानी, बिजली, सड़क एवं ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से इंडस्ट्रियल एरिया में जरूरत के हिसाब से पुलिस पिकेट की स्थापना की आवश्यकता भी जताई गई।
उद्यमियों ने सुझाव दिया कि यदि औद्योगिक क्षेत्रों के लिए अलग विद्युत फीडर की व्यवस्था कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, तो उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। यह भी बताया गया कि उद्यमी नियमित रूप से एएमसी शुल्क का भुगतान करते हैं, लेकिन इस राशि का उपयोग सड़कों या अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में नहीं किया जा रहा है। मेंटेनेंस के अभाव में सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिससे विशेषकर वर्षा के समय लोडिंग-अनलोडिंग कार्य प्रभावित होता है।
चर्चा के दौरान यह भी मांग उठी कि सरकार को दीर्घकालिक औद्योगिक नीति लागू करनी चाहिए, जिससे उद्यमियों में विश्वास कायम हो सके। साथ ही सब्सिडी एवं प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई। वर्तमान में कई उद्यमियों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिल पा रहा है तथा कई औद्योगिक क्षेत्रों में अप्रोच रोड तक उपलब्ध नहीं है जिससे उद्यमी निराश है।
हजारीबाग में एक उद्यमी ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व उन्हें भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन आज तक उसका पजेशन नहीं मिल पाया और न ही जमा की गई राशि वापस की गई। इसका मुख्य कारण स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों का हस्तक्षेप बताया गया। वहीं कुछ क्षेत्रों में उद्यमियों द्वारा निजी भूमि पर उद्योग स्थापित करने के बावजूद जियाडा द्वारा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उद्यमियों ने समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु उद्योग विभाग द्वारा एक समर्पित हेल्पलाइन जारी करने की भी मांग की।
बरही इंडस्ट्रियल एरिया में स्थानीय समस्याओं, जर्जर सड़कों, जल एवं बिजली संकट को लेकर उद्यमियों ने चिंता व्यक्त की। साथ ही यह भी बताया गया कि कई उद्यमियों को प्लॉट आवंटन एवं भुगतान के बावजूद पजेशन नहीं मिला है। सभी जिलों के उद्यमियों ने झारखण्ड चैम्बर के इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस अभियान के माध्यम से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होगा।
चैम्बर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राज्य के सभी औद्योगिक क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 160 औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण कर एक समग्र रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे उद्योग विभाग को सौंपा जाएगा ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। इससे राज्य में पुराने उद्योगों का विस्तार एवं नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा। कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए आधारभूत संरचना को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। यदि सड़क, बिजली, पानी एवं सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, तो न केवल वर्तमान उद्योग सशक्त होंगे, बल्कि नए निवेशकों को भी आकर्षित किया जा सकेगा। सरकार को इस दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान केवल कागजी स्तर पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन के माध्यम से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने हेतु विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। चैम्बर द्वारा किया जा रहा यह अभियान राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा।
इस अवसर पर ईओडीबी मैनेजर अंशुमान सिंह, श्याम कुमार भी शामिल थे। बैठक में हजारीबाग चैम्बर के अध्यक्ष शम्भूनाथ अग्रवाल, सुबोध अग्रवाल, सुनिल अग्रवाल, राकेश ठाकुर, बरही इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके गर्ग समेत अन्य कई उद्यमी उपस्थित रहे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
==========
Copyright © 2021-2026 FJCCI