प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक 07/05/2026)
=====

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने आज झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (JUVNL/JBVNL) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) श्री के. श्रीनिवासन एवं विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य की विद्युत व्यवस्था, विशेषकर औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में झारखण्ड चैम्बर की ओर से अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, एनर्जी उप समिति के चेयरमैन बिनोद तुलस्यान एवं सदस्य श्री अजय भंडारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान झारखण्ड चैम्बर ने उद्योगों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को प्रभावित कर रही विद्युत आपूर्ति संबंधी चुनौतियों को प्रमुखता से उठाया तथा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रतिनिधिमण्डल ने बिजली बाधित होने के बाद मरम्मत कार्यों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई। औद्योगिक क्षेत्रों में शीघ्र समस्या समाधान हेतु विशेष क्विक रिएक्शन टीम गठित करने का सुझाव दिया गया। अत्यधिक लंबे फीडरों को छोटा एवं संतुलित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, जिससे बार-बार होने वाले ब्रेकडाउन को कम किया जा सके।
तुपुदाना सब-स्टेशन के अंतर्गत एक ही फीडर पर अत्यधिक भार होने की समस्या को गंभीर बताते हुए उसका त्वरित पुनर्गठन करने की मांग की गई। ट्रांसफॉर्मर एवं एबी स्विच जैसे महत्वपूर्ण उपकरणों के नियमित निरीक्षण एवं प्रिवेंटिव मेंटेनेंस सिस्टम को मजबूत करने का सुझाव दिया गया। छोटे-मोटे मरम्मत कार्यों के लिए पूरे सब-स्टेशन की लाइन बंद करने की वर्तमान व्यवस्था को अव्यवहारिक बताते हुए स्थानीय स्तर पर समाधान की व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई। बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफॉर्मर एवं टूटने वाले कंडक्टर की पहचान हेतु व्यापक डेटा मैपिंग एवं सर्वे कराने का सुझाव दिया गया।
अंडरग्राउंड केबलिंग परियोजनाओं के लिए विस्तृत मैपिंग एवं मार्किंग सिस्टम विकसित करने की आवश्यकता बताई गई। भविष्य की परियोजनाओं में सेक्वेशियल कम्पलीशन मॉडल अपनाने की सलाह दी गई, ताकि एक फीडर को पूर्ण रूप से चालू करने के बाद ही दूसरे पर कार्य शुरू हो। अशोक नगर परियोजना को सफल मॉडल बताते हुए तुपुदाना औद्योगिक क्षेत्र में अधूरी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने विश्वास जताया कि जेवीभीएनएल प्रबंधन एवं विभागीय अधिकारी उद्योगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे राज्य में निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
झारखण्ड चैम्बर के आग्रह पर सीएमडी ने हर माह की 17 तारीख को झारखण्ड चैम्बर के साथ विभाग की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने की बात कही। यह भी निर्णय लिया गया कि विवादों के निपटारे के लिए डिस्पयुट रेड्रेसल कमिटी का गठन किया जायेगा जिसमें चैम्बर की भी भागीदारी होगी।
बैठक में झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अलावा लघु उद्योग भारती, जैसिया ओर एसिया, सीआईआई के पदाधिकारी भी शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===========
Copyright © 2021-2026 FJCCI