प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :22/04/2026)
भवन नियमितीकरण योजना बिल लाने पर माननीय मंत्री का चैम्बर द्वारा अभिनंदन, व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर
=============


फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में आज चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने माननीय नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री सुदिव्य कुमार से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में भवन नियमितीकरण योजना बिल लाने हेतु माननीय मंत्री का अभिनंदन किया एवं राज्यवासियों की ओर से आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह योजना राज्य के लाखों भवन मालिकों के लिए लाभकारी होगी।
इस अवसर पर चैम्बर द्वारा योजना से संबंधित कुछ आवश्यक संशोधनों के सुझाव भी मंत्री महोदय के समक्ष रखे गए। इनमें योजना का दायरा बढ़ाकर 15 मीटर ऊंचाई एवं 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल तक के भवनों को शामिल करने, योजना की अवधि का विस्तार करने तथा प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सुगम बनाने का आग्रह किया गया ताकि अधिकतम लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। साथ ही, पूर्व में निर्मित वेयरहाउस (टेम्परेरी शेड) को भी नियमों में सरलीकरण करते हुए इस योजना के दायरे में शामिल करने का अनुरोध किया गया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह योजना राज्य के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चैम्बर राज्यभर में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसके बारे में जागरूक हों और इसका लाभ उठा सकें। हम सरकार के साथ मिलकर इसे और अधिक व्यवहारिक एवं जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को राहत प्रदान करना एवं शहरी विकास को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाना है। सरकार इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें। मुलाकात के दौरान राज्य के शहरी विकास एवं व्यापारिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य विकास मोदी, पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर, किशोर मंत्री, आर्किटेक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
=================
Copyright © 2021-2026 FJCCI