प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक : 08/04/2026)
झारखण्ड चैम्बर के आग्रह पर सेवा सदन पथ–बड़ा तालाब क्षेत्र में जल-जमाव का निरीक्षण, महापौर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
========


सेवा सदन पथ एवं बड़ा तालाब क्षेत्र में प्रतिवर्ष होनेवाले जल-जमाव की गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए, झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के आग्रह पर आज रांची नगर निगम की महापौर रौशनी खलखो एवं उप महापौर नीरज कुमार ने निगम की टीम के साथ उक्त क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, आसन्न मानसून को देखते हुए जल-जमाव की समस्या पर चिंता व्यक्त की गई। महापौर ने निगम के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही इंजीनियरिंग टीम के साथ एसटीपी एवं बड़ा तालाब क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा, जिससे समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
इस अवसर पर झारखण्ड चैम्बर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेड़ी, सिविक अमेनिटीज़ उप समिति के चेयरमैन अमित किशोर सहित सदस्यगण गौरव अग्रवाल, संजीव चितलंगिया, अशोक पुरोहित, प्रदीप बांका एवं संजय बांका के साथ-साथ क्षेत्र के कई व्यवसायी एवं नागरिक उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों एवं व्यवसायियों ने महापौर को अवगत कराया कि वर्षा के समय जल-जमाव के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे दैनिक जीवन एवं व्यापारिक गतिविधियों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह शहर का एक अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहाँ नागरमल मोदी सेवा सदन जैसे प्रमुख अस्पताल के साथ-साथ अनेक दुकानें, धर्मशालाएं एवं आवासीय परिसर स्थित हैं। प्रत्येक वर्ष बरसात के समय इस क्षेत्र में जल-जमाव के कारण आवागमन बाधित हो जाता है तथा व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।महासचिव रोहित अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि नगर निगम द्वारा इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु शीघ्र एवं प्रभावी कदम उठाया जायेगा।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===============
Copyright © 2021-2026 FJCCI