Press Release

High-Level Meet Between DGP and Chamber Focuses on Crime Control and Business Safety.

  • 07Apr-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :07/04/2026)
    पुलिस महानिदेशक के साथ झारखण्ड चैम्बर की बैठक 
    विधि-व्यवस्था व व्यापारिक सुरक्षा पर सकारात्मक चर्चा
    =========
    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में आज झारखण्ड की पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान राज्य की विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से व्यापारियों को मिल रही रंगदारी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई, साइबर धोखाधड़ी मामलों के शीघ्र उद्भेदन, गुमला में ट्रैफिक थाना की स्थापना, रामगढ़ में ट्रैफिक डीएसपी की नियुक्ति, हाई-रिस्क श्रेणी के व्यापारियों के साथ नियमित बैठक, होटल रिपोर्टिंग की ऑनलाइन व्यवस्था, एफआईआर प्रक्रिया को सरल बनाने तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। 

    पुलिस महानिदेशक श्रीमती तदाशा मिश्रा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और व्यापारिक माहौल को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। झारखण्ड चैम्बर के आग्रह पर उन्होंने जल्द ही सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में जिला चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक करने के लिए आश्वस्त किया। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि तत्कालीन डीजीपी के इस पूर्व के प्रयास के सकारात्मक परिणाम आये थे। 

    चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने यह प्रस्ताव रखा कि प्रत्येक जिले में चैम्बर ऑफ कॉमर्स के साथ एक समन्वय समिति का गठन किया जाना चाहिए। थाना स्तर पर शांति समिति की तरह व्यवसायी समिति पूरे राज्य के व्यापारियों के लिए बने ताकि व्यापारी अपनी बात बेबाकी से रख सके, शहर के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर सीसीटीवी कैमरा सुचारू रूप से लगे तो अपराधी जल्द ही पकड़े जा सकेंगे, प्रत्येक थाना में एफआईआर रूम होना चाहिए और उसपर सीसीटीवी कैमरा हो जो वरीय पुलिस पदाधिकारी के नियंत्रण में रहे ताकि आम आदमी के साथ पुलिस का व्यवहार देखा जा सके। साहेबगंज के व्यापारी के साथ घटित साइबर क्राइम की घटना का उल्लेख करते हुए चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने फास्ट ट्रैक आधार पर राशि की रिकवरी सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। वहीं, सह सचिव नवजोत अलंग ने अपराधियों के सोशल मीडिया पेज को फ्रीज़ कराने का सुझाव दिया। 

    चर्चाओं के क्रम में शहर की यातायात व्यवस्था पर भी विस्तृत विमर्श किया गया। डीजीपी ने इस हेतु ट्रैफिक एसपी के साथ चैंबर की बैठक कराने की बात कही। यह भी बताया कि कंबाइंड कंट्रोल रूम की योजना पर कार्य प्रगति पर है तथा सभी थानों को सीसीटीवी से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके। साहेबगंज के एक व्यापारी के साथ हुई साइबर क्राइम की घटना के त्वरित उद्भेदन के लिए भी उन्होंने आश्वस्त किया। चैंबर अध्यक्ष ने शहर में रेसिडेंट वेलफेयर सोसाइटी को सशक्त करने, खुफिया तंत्र को मजबूत बनाने तथा रांची में ट्रैफिक डायरेक्टोरेट की स्थापना का आग्रह किया। डीजीपी ने साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यापारियों को सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि चैम्बर के आग्रह पर पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शक्ति स्क्वॉड को जल्द ही नए सिरे से सक्रिय किया जा रहा है। अपराध के त्वरित अनुसंधान में सहयोग हेतु उन्होंने सभी व्यवसायियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के अंदर एवं प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में रखें। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर साझा करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा थाना में दुर्व्यवहार की सूचना उन्हें तत्काल दें त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।  

    चैम्बर के लॉ एंड आर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल ने अवगत कराया गया कि झारखण्ड चैम्बर द्वारा थाना स्तर पर पुलिस व्यवसायी समिति की लगातार बैठकें की जा रही हैं जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के साथ ही विधि व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हो रहे हैं। थाना स्तर पर गठित व्हाट्सअप ग्रुप के माध्यम से भी कई समस्याओं का समाधान हो रहा है। ट्रैफिक उप समिति के चेयरमैन मुकेश पांडे ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही, रामगढ़ के जीटी रोड में आये दिन होनेवाली दुर्घटना का जिक्र करते हुए इसके रोकथाम हेतु प्रशासन की तरफ कार्रवाई का आग्रह किया। साथ ही सुजाता, अरगोड़ा चौक पर बने ट्रैफिक किऑस्क की भांति अन्य चौराहों पर भी कियॉस्क निर्माण का सुझाव दिया। प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, लॉ एंड आर्डर उप समिति के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल और ट्रैफिक उप समिति के चेयरमैन मुकेश पांडे शामिल थे। 
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ==================

Copyright © 2021-2026 FJCCI