Press Release

Mega Trade Fair Concludes at Morhabadi Ground; Shoppers Flock on Final Day.

  • 06Apr-2026

    मोरहाबादी मैदान में चल रहे मेगा ट्रेड फेयर का समापन, अंतिम दिन भी खरीदारी
    झारखंड चैंबर और जीएस मार्केटिंग एसोसिएट ने किया आयोजन
    ========

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का समापन सोमवार को हो गया। फेयर के अंतिम दिन भी भारी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे और ऑफर का लाभ उठाया। अंतिम दिन कई स्टॉल धारकों ने कई उत्पादों पर ऑफर दिए, इस कारण लोगों ने भी खरीदारी की। लगभग सभी स्टॉल में खरीदारों की भीड़ दिखी। वहीं, लोगों ने खरीदारी के साथ विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भी लुफ्त उठाया। लोग अपने परिवार और दोस्तों संग फेयर घूमे और जरूरत के अनुसार खरीदारी की। ज्ञात हो कि ट्रेड फेयर में 12 देश और 15 राज्यों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। प्रदर्शनी में 35 हजार से अधिक उत्पादों को लोगों को देखने और खरीदने का अवसर मिला। वहीं, ऑटोमोबाइल के स्टॉल में भी लोगों की भीड़ देखी गई। लोग गाड़ियों की इंक्वायरी करते दिखे।

    चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह आयोजन हर दृष्टि से सफल रहा। रांचीवासियों ने जिस उत्साह और सहभागिता के साथ इस मेले को समर्थन दिया, वह सराहनीय है। अंतिम दिन तक लोगों की भीड़ और खरीदारी का उत्साह यह दर्शाता है कि ऐसे आयोजनों की शहर में विशेष आवश्यकता है। अगले वर्ष इस ट्रेड फेयर को और भी बड़े स्तर पर, नए आकर्षणों और अधिक सहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा।

    चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि रांचीवासियों ने ट्रेड फेयर को बहुत ही प्यार दिया और आयोजन की सराहना की। ट्रेड फेयर ने छोटे और मध्यम व्यवसायियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान किया, जिससे उन्हें नए ग्राहकों से जुड़ने का मौका मिला। अगले वर्ष इस मेगा ट्रेड फेयर को और भी बड़ा, भव्य और विविधता से भरपूर बनाया जाएगा, जिसमें पूरे परिवार के लिए अधिक मनोरंजन के विकल्प भी शामिल किए जाएंगे। ट्रेड फेयर के समापन के अवसर पर झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं उप समितियों के कई चेयरमैन उपस्थित रहे।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ================

Copyright © 2021-2026 FJCCI