Press Release

Shopping at IIMTF Gains Momentum as International Stalls Become Main Attraction.

  • 02Apr-2026

    विदेशी इत्र और दुबई की मिठाइयों की खुशबू से महक रहा मेगा ट्रेड फेयर

    खरीदारी ने पकड़ी रफ्तार, विदेशी स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

    =====================================

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    रांची: मोरहाबादी मैदान में चल रहे 17वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में अब खरीदारी ने जोर पकड़ लिया है। शाम ढलते ही मेले में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ रहा है और हर स्टॉल पर खरीदारों की भीड़ साफ देखी जा रही है। गुरुवार को भी रांची समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। बढ़ती भीड़ को देखकर स्टॉल धारक भी खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ट्रेड फेयर का बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्रेड फेयर के इंटरनेशनल स्टॉल खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां इत्र और परफ्यूम की खुशबू लोगों को अपनी ओर खींच रही है। इत्र 200 रुपये और परफ्यूम 500 रुपये से शुरू होकर अलग-अलग रंगों और खुशबू में उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि ग्राहकों की पसंद के अनुसार इत्र और परफ्यूम को कस्टमाइज़ भी किया जा रहा है।
    वहीं, अफगानिस्तान से आए स्टॉल पर फाउंटेन, फ्लावर पॉट, चेस बोर्ड और शिप वॉच जैसे डेकोरेशन आइटम लोगों को खूब भा रहे हैं। इनकी कीमतें भी आकर्षण का विषय बनी हुई हैं। फाउंटेन करीब दो लाख रुपये, बड़ा फ्लावर पॉट तीन लाख रुपये और छोटा फ्लावर पॉट 80 हजार रुपये में उपलब्ध है, जबकि चेस बोर्ड दो लाख रुपये में मिल रहा है। तजाकिस्तान के स्टॉल पर जेम्स, ज्वेलरी, सिल्वर आइटम, ब्रेसलेट, ईयररिंग और चेन लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। यहां जेम्स की कीमत 2500 रुपये से शुरू हो रही है, जिससे खरीदारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


    इसके अलावा दुबई से आए स्टॉल पर कुनाफा, बकलावा और चॉकलेट जैसी मिठाइयां लोगों की जुबान को मीठा बना रही हैं, जिससे फेयर का स्वाद और भी खास हो गया है। 

    चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि इस बार का ट्रेड फेयर सिर्फ खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि “ग्लोबल एक्सपीरियंस” बनकर उभरा है। यहां स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय उत्पाद एक साथ उपलब्ध हैं, जिससे रांची के लोगों को बिना बड़े शहरों में जाए विश्वस्तरीय बाजार का अनुभव मिल रहा है। खास तौर पर युवाओं और परिवारों की बढ़ती भागीदारी इस आयोजन की सफलता का संकेत है। आने वाले दिनों में और नए ऑफर, लाइव डेमो और इंटरैक्टिव स्टॉल्स के जरिए लोगों के अनुभव को और बेहतर बनाया जाएगा।

    चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि ट्रेड फेयर में इस बार खरीदारों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि लोगों में नए और यूनिक प्रोडक्ट्स को लेकर खासा उत्साह है। उनकोशिश है कि हर वर्ग के लोगों के लिए यहां कुछ न कुछ खास उपलब्ध हो। चाहे वह किफायती उत्पाद हो या प्रीमियम इंटरनेशनल आइटम। साथ ही सुरक्षा, साफ-सफाई और पार्किंग जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे पूरे परिवार के साथ मेले का आनंद उठा सकें।

    “मेरी आवाज मेरी पहचान” ने सजाई संगीतमय शाम

     ट्रेड फेयर में गुरुवार की शाम संगीत के सुरों से सराबोर हो उठी। “मेरी आवाज मेरी पहचान” संस्था ने संगीतमय संध्या आयोजित कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिभाओं ने एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति दी, जिसमें पुराने सदाबहार गीतों से लेकर नए बॉलीवुड गानों तक का शानदार संगम देखने को मिला। दर्शकों ने भी तालियों और झूमकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, आनंद जालान, किशन अग्रवाल, राजीव चौधरी, जसविंदर सिंह, अनीश सिंह, मेरी आवाज मेरी पहचान संस्था से देवेश खान, कुमार गहलौत, कविता होरो, गिरिजा शंकर, प्रभात राजन, बुलंद अख्तर, इंदु, समेत अन्य लोग मौजूद थे।


    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव

Copyright © 2021-2026 FJCCI