प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :30/03/2026)
बाजार टांड किराया विवाद पर निगम की कार्रवाई के विरोध में चैंबर सख्त, दंडात्मक कदमों पर रोक की मांग
==========

फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आज चैंबर भवन में बाजार टांड की दुकानों के किराया विवाद को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें चैंबर पदाधिकारियों ने वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की और कहा कि रांची नगर निगम द्वारा बिना किसी सुनवाई का अवसर दिए एकतरफा दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे व्यापारियों के बीच भय एवं भ्रम का माहौल उत्पन्न हो गया है।
यह कहा गया कि इसी माह हुई बैठक में नगर विकास विभाग के सचिव द्वारा हमें यह आश्वासन दिया गया था कि जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक दुकानदारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही, एक संयुक्त समिति के गठन की बात भी कही गई थी, जिसमें रांची नगर निगम, चैंबर एवं किरायेदार संघ के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस मामले में चैंबर के आग्रह पर माननीय नगर विकास मंत्री द्वारा भी यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया है कि व्यापारियों को डराने का कार्य नहीं किया जाएगा। ऐसे में नगर निगम द्वारा समाचार पत्रों के माध्यम से भय का वातावरण बनाया जाना यह प्रतीत कराता है कि जानबूझकर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कई दुकानदारों के पास न्यायालय का आदेश एवं वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके बावजूद बिना सुनवाई का अवसर प्रदान किए कार्रवाई की जा रही है, जो विधिसम्मत प्रक्रिया के विरुद्ध है। चर्चाओं के क्रम में चैम्बर द्वारा इस संबंध में निगम की महापौर, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव एवं नगर आयुक्त को पत्राचार कर आग्रह किया गया कि जब तक संयुक्त समिति का गठन कर इस विवाद का न्यायोचित समाधान नहीं किया जाता, तब तक बाजार टांड के दुकानदारों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। इस प्रकार की कार्रवाई से व्यापारियों का विश्वास कमजोर होता है तथा अनावश्यक भय का वातावरण उत्पन्न होता है, जिसे तत्काल समाप्त किया जाना आवश्यक है।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===================
Copyright © 2021-2026 FJCCI