प्रेस विज्ञप्ति
29 मार्च 2026
रांची ट्रेड फेयर में उमड़ी भारी भीड़, इंटरनेशनल स्टॉल बना मुख्य आकर्षण
झारखंड चैंबर और जीएस मार्केटिंग ने लगाया ट्रेड फेयर



रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर और जीएस मार्केटिंग के संयुक्त तत्वावधान में मोरहाबादी मैदान में आयोजित ट्रेड फेयर में रविवार को लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। छुट्टी के दिन का लाभ उठाते हुए बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेले का रुख किया। ट्रेड फेयर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और घरेलू उपयोग की वस्तुओं से लेकर सजावटी सामान, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक आइटम सहित कई उत्पादों की खरीदारी की। परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे लोगों ने खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया। मेले में लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। खासतौर पर इंटरनेशनल स्टॉल पर लोगों को अधिक भीड़ दिखी। अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट की पूरी रेंज उपलब्ध है। अफगानिस्तान के स्टॉल पर भी लोग ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी करते नजर आए। थाईलैंड का फुटवेयर भी लोगों को भा रहा है। यहां फुटवेयर 700 रुपए में मिल रहा है। फुटवेयर खरीदने की अधिक भीड़ लड़कियों की हो रही है। बंग्लादेश कि साड़ी भी लोगों को खूब पसंद आ रही है। यहां साड़ी दो से 10 हजार तक में बिक रहा है।
तीन हजार से अधिक खरीदारी पर मिल रहा आकर्षक उपहार
ट्रेड फेयर में तीन हजार रूपये की खरीदारी करने पर एक आकर्षक उपहार दिया जा रहा है। गिफ्ट काउंटर पर बिल दिखाने के बाद उपहार ले सकते है। वही, कई स्टॉल में उत्पादों पर छूट मिल रहा है। फर्नीचर आइटम पर भी भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है। वहीं, किचन में प्रयोग होने वाले 150 से अधिक उत्पाद बिक रहे है।
झारखंड चैंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा इस बार ट्रेड फेयर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे यह साफ है कि लोग ऐसे आयोजनों का इंतजार करते हैं। इस मेले में स्थानीय व्यापारियों के साथ-साथ देश-विदेश के विक्रेताओं को भी एक बेहतर मंच मिला है। इससे न सिर्फ व्यापार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि शहर के लोगों को एक ही स्थान पर विविध उत्पादों की खरीदारी का अवसर मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी हम और अधिक भीड़ और बेहतर कारोबार की उम्मीद कर रहे हैं।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि ट्रेड फेयर को लेकर लोगों में लगातार उत्साह बढ़ रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंच रहे हैं और स्टॉलों पर अच्छी खरीदारी कर रहे हैं। खासकर रविवार को उम्मीद से अधिक भीड़ रही, जिससे व्यापारियों में भी काफी उत्साह है। इस आयोजन से स्थानीय व्यवसायियों को एक बेहतर प्लेटफॉर्म मिला है, वहीं ग्राहकों को एक ही जगह पर देश-विदेश के उत्पाद उचित कीमत पर मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में भी इसी तरह भीड़ और कारोबार बढ़ने की पूरी संभावना है।
इस अवसर पर चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, उपसचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल समेत कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।
रोहित अग्रवाल
महासचिव
Copyright © 2021-2026 FJCCI