Press Release

FJCCI Delegates Meet Urban Development Secretary to Discuss Civic and Infrastructure Issues.

  • 20Mar-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :20/03/2026)
    नगर विकास सचिव के साथ चैंबर की बैठक, विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
    =================

    Uploaded Image
    शहरी विकास एवं निगम से जुड़ी समस्याओं पर आज फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक बैठक नगर विकास विभाग के सचिव सुनील कुमार के साथ प्रोजेक्ट भवन कार्यालय में हुई। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग द्वारा तैयार किये गये भवन नियमितीकरण योजना पर चर्चा की। विभागीय सचिव ने अवगत कराया कि यह बिल जल्द ही आनेवाला है। चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के आग्रह पर उन्होंने बिल का प्रारूप चैंबर से साझा करने के लिए आश्वस्त किया ताकि उस पर सुझाव प्राप्त हो सकें।

    बैठक में रांची मास्टर प्लान 2037 पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि प्रावधानों के अनुसार प्रत्येक पांच वर्ष में समीक्षा का प्रावधान है, किंतु पिछले आठ वर्षों से इसकी समीक्षा नहीं हो सकी है, जिससे भू-मालिक अपनी भूमि का प्रभावी उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। चैंबर ने मांग की कि झारखण्ड चैम्बर के प्रतिनिधित्व से विभाग द्वारा एक उच्चस्तरीय कमिटी गठित कर मास्टर प्लान एवं बिल्डिंग बाई-लॉज की समीक्षा की जाए, जिसपर सचिव ने सकारात्मक रूख दिखाया। प्रतिनिधिमंडल ने झारखण्ड बिल्डिंग बाई लॉज 2016 में भी जरुरी संशोधन का सुझाव दिया। 

    बाजार टांड की दुकानों के किराया विवाद के समाधान में विलंब पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा चिंता जताई गई। कहा गया कि विवाद का स्थाई समाधान होने तक निगम द्वारा दुकानदारों पर कोई दंडात्मक करवाई नहीं की जाय तथा दुकानें सील नहीं की जाय। इसे जटिल एवं लंबे समय से लंबित मुद्दा बताते हुए विभाग द्वारा नगर निगम, झारखण्ड चैंबर एवं किरायेदार संघ के प्रतिनिधित्व में कमिटी बनाने की मांग की गई, जिसपर सचिव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। शहर में होर्डिंग्स के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि पांच वर्ष के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के बाद निवेश करने वाले संचालकों को अचानक हटाना उचित नहीं है। निगम को कॉन्ट्रैक्ट का पालन करना चाहिए। इस पर सचिव ने मामले की समीक्षा की बात कही। 

    प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसपोर्ट नगर को शीघ्र चालू कराने, वेयरहाउसिंग में लैंड यूज में रिलैक्सेशन देने तथा ट्रेड लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग रखी। बताया गया कि ट्रेड लाइसेंस बनाने की जटिल विधि के कारण जो व्यापारी लाइसेंस नहीं नहीं ले पा रहे हैं उन्हें निगम द्वारा फाइन की जगह सीधे उनकी दुकानें सील करने का आदेश दिया जा रहा है, जो अव्यवहारिक है। यह मांग की गई कि तुरंत शार्ट नोटिस पर दुकानदारों पर कड़ी करवाई नहीं की जाय। विभागीय सचिव ने आश्वस्त करते हुए कहा कि ट्रेड लाइसेंस के अभाव में दुकानों को सील नहीं किया जाएगा।

    प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अंचल किंगर, उप समिति चेयरमैन अलोक सरावगी और आर्किटेक्ट अरुण कुमार शामिल थे। 
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 
    ===============

Copyright © 2021-2026 FJCCI