Press Release

FJCCI Holds 6th Executive Committee Meeting at Chamber Bhawan

  • 27Feb-2026

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :27/02/2026)
    कार्यकारिणी समिति की बैठक
    ==============

    Uploaded Image

    Uploaded Image

    फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की छठवीं बैठक आज चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई। चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं की स्किलिंग उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से हो। इसके लिए आवश्यक है कि एकेडमिया और इंडस्ट्री का कॉलेबोरेशन हो। प्रसन्नता है कि झारखण्ड चैंबर द्वारा इस माह एक्सआईएसएस और झारखण्ड गवर्नमेंट टूल रूम के साथ एमओयू किया गया है। इससे उद्योग जगत को फायदा होगा। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि शहरवासियों की लगातार मांग को देखते हुए झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स और जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स के द्वारा संयुक्त रूप से आगामी 26 मार्च से 6 अप्रैल तक मोरहाबादी मैदान में इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष ट्रेड फेयर का आयोजन बड़े स्तर पर किया जायेगा, जिसमें झारखण्ड के साथ ही देश के अन्य सभी राज्य और अंतर्राष्ट्रीय देशों के स्टॉल्स शामिल होंगे।

    देवीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भूमि आवंटन के बाद भी उद्यमियों को भूमि का पजेशन देने में विलंब और प्लास्टिक पार्क को अब तक हैंडओवर नहीं किये जाने पर भी सदस्यों द्वारा चिंता जताई गई। संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने देवघर में बिना एलपीसी के भूमि का हस्तांतरण करने में हो रही कठिनाई पर भी चिंता जताई। आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की जर्जर अवस्था पर कोल्हान प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने चिंता जताई। यह भी अवगत कराया कि ईएमसी में भी झाड़ियों का अंबार लगा है, जबकि वह डस्ट फ्री एरिया रहना चाहिए। उन्होंने धालभूमगढ़ में अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण की भी आवश्यकता बताई। इससे रांची और जमशेदपुर के यात्रियों को काफी सुविधा होगी।

    उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने संयुक्त रूप से अवगत कराया कि वर्तमान सत्र में उप समितियों की कुल 111 बैठकें हो चुकी हैं। बिजनेस एक्सचेंज की पहल से चैंबर सदस्य लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने इसका दायरा बढ़ाने की भी बात कही। आनेवाले दिनों में उप समितियों द्वारा कई महत्वपूर्ण वर्कशॉप का आयोजन भी प्रस्तावित है। सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने संयुक्त रूप से फेडरेशन की सदस्यता के लिए प्राप्त आवेदनों को सभा के समक्ष प्रस्तुत करते हुए सदस्यों से इसका अनुमोदन कराया। रांची नगर निगम द्वारा जी प्लस टू भवनों का रिव्यू करने की बात पर सदस्यों द्वारा आपत्ति जताई गई। कहा गया कि धमकी भरा संदेश अनुचित है, ऐसे समय में जब वर्षों पूर्व निर्मित भवनों को नियमितीकरण करने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। सदस्यों की वास्तविक चिंता को देखते हुए चैंबर अध्यक्ष ने इस मामले में जल्द ही नगर विकास मंत्री से मिलकर वार्ता की बात कही। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सदस्यों द्वारा रांची से गढवा, रांची से कोडरमा, धनबाद और सुबह के समय गोड्डा से जसीडीह फास्ट मेमू ट्रेन चलाने की आवश्यकता भी बताई गई।

    अंचल कार्यालयों में व्याप्त अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि लोगों को रसीद कटाने के लिए अनावश्यक परेशान होना पड़ रहा है। रांची मास्टर प्लान की समीक्षा के साथ ही बाजार टांड की दुकानों के किराया विवाद के जल्द समाधान के सुझाव पर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि नवनिर्वाचित महापौर से मिलकर, उनके द्वारा किये गये वायदों को पूर्ण कराया जायेगा। यह भी सुनिश्चित किया जायेगा कि नगर निगम की बोर्ड में झारखण्ड चैंबर के सदस्यों का प्रतिनिधित्व हो। बैठक के दौरान परमिट रिन्यूअल की समस्या, सूचना आयोग में सूचना आयुक्त का पद रिक्त होने से हो रही समस्या पर भी चर्चा हुई। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए चैंबर और उद्योग सचिव की संपन्न हुई बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि जल्द इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

    बैठक में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, विजय आनंद मूनका, कार्यकारिणी सदस्य अमित शर्मा, अनिस बुधिया, डॉ0 अभिषेक रामाधीन, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मुकेश अग्रवाल, पूजा ढाढा, राहुल साबू, शैलेष अग्रवाल, तुलसी पटेल, विकास मोदी, पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, अरूण बुधिया, मनोज नरेडी, बिकास सिंह, पवन शर्मा, कुणाल अजमानी, परेश गट्टानी, सदस्य आलोक कुमार, अमित मिश्रा, श्रीकृष्ण अग्रवाल, राजीव चौधरी, किशन अग्रवाल, तेजविंदर सिंह, प्रमोद सारस्वत, आनंद जालान, आदित्य शाह, कुणाल विजयवर्गीय, सुनिल गुप्ता, संजय सिंह, माला कुजूर, प्रंमोद चौधरी, पूनम आनंद, मुकेश पांडे, संदीप नागपाल उपस्थित थे।
    -
    रोहित अग्रवाल
    महासचिव
    ----------------------------------

Copyright © 2021-2026 FJCCI