प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक 22/02/2026)
=======
नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र एवं झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग तथा उपायुक्त, रांची द्वारा जारी आम सूचना के आलोक में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने सभी चैम्बर सदस्यों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सोमवार, दिनांक 23 फरवरी 2026 को नगर निगम एवं नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित सभी दुकानें एवं प्रतिष्ठान बंद रखकर मतदान प्रक्रिया में शामिल होने की अपील की। यह कहा कि यदि कोई कर्मचारी नगर निगम या नगर पंचायत क्षेत्र का मतदाता है, किंतु वह किसी अन्य स्थान जैसे कारखाना, दुकान अथवा कार्यालय में कार्यरत है, तो उसे मतदान के दिन सवेतन अवकाश प्रदान करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था दैनिक वेतनभोगी एवं कैजुअल वर्कर्स पर भी समान रूप से लागू होगी, ताकि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निर्बाध रूप से प्रयोग कर सके।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने सभी व्यापारियों, उद्यमियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कर्तव्य भी है। अधिक से अधिक मतदान कर हम एक सशक्त, पारदर्शी एवं उत्तरदायी स्थानीय प्रशासन के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
चैम्बर महासचिव रोहित अग्रवाल ने सभी चैम्बर सदस्यों से आग्रह किया कि आप स्वयं मतदान करें तथा अपने परिवार, कर्मचारियों और सहयोगियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो सके और लोकतंत्र की नींव और मजबूत हो।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
============
सभी प्रेस को प्रकाशनार्थ प्रेषित।
Copyright © 2021-2026 FJCCI