प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :17/02/2026)
जियाडा के पीसीसी की बैठक में नए प्रोजेक्ट्स के आवेदनों को स्वीकृति
==============
झारखण्ड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार द्वारा गठित प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी की बैठक आज जियाडा भवन में प्रबंध निदेशक वरुण रंजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तुत नए प्रोजेक्ट्स के आवेदनों पर विचार करते हुए उन्हें स्वीकृति दी गई। स्वीकृत प्रोजेक्ट्स में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर, मैन्युफैक्चरिंग वॉटर स्टोरेज टैंक एवं पीवीसी पाइप तथा केमिकल अर्थिंग जैसे उद्योग शामिल हैं। ये प्रोजेक्ट्स नामकोम, बरहे, बरही एवं कोकर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित किये जायेंगे।
चैंबर अध्यक्ष ने देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को उठाते हुए जिन उद्यमियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है, उन्हें शीघ्र पजेशन दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया। यह भी कहा उद्यमियों को भूमि आवंटन के बाद शीघ्र पजेशन दिलाने की पहल होनी चाहिए। वर्तमान में यह देखा जा रहा है कि भूमि आवंटन के बाद भी उद्यमी को भूमि का पजेशन दिलाने में समय लग रहा है। भूमि आवंटन के बाद अधिकतम 30 दिनों में पजेशन मिल जाय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी बात कही।
नए औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान किए जाने के चैम्बर अध्यक्ष के आग्रह पर जियाडा द्वारा अन्य जिलों में औद्योगिक भूमि के विस्तार हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई तथा वर्तमान औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही गई। जियाडा के प्रबंध निदेशक ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रत्येक 15 दिनों में पीसीसी की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में चैंबर अध्यक्ष ने उद्यमियों से जुड़े जियाडा के अन्य लंबित मुद्दों पर भी प्रमुखता से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया।
बैठक में एमएसएमई, जिला उद्योग केंद्र, पॉल्यूशन कण्ट्रोल बोर्ड के उच्चाधिकारी, चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष रंजीत टिबड़ेवाल के अलावा जेसिया एवं अन्य संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===============
Copyright © 2021-2026 FJCCI