प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :16/02/2026)
चुटुपाली घाटी में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं गुमला बाईपास निर्माण में अत्यधिक देरी पर झारखण्ड चैम्बर ने चिंता जताई
===================

झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स की आज चैम्बर भवन में हुई बैठक में राज्य में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े गंभीर विषयों पर विमर्श किया गया। बैठक में रामगढ़–रांची राष्ट्रीय राजमार्ग के चुटुपाली घाटी क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई गई। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि चुटुपाली घाटी में सड़क की संरचना, तीखे मोड़, अपर्याप्त संकेतक, स्ट्रीट लाइटिंग एवं सुरक्षा उपायों की कमी के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह विषय केवल यातायात का नहीं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन से जुड़ा हुआ है। चर्चाओं के क्रम में झारखण्ड चैम्बर द्वारा एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय को पत्र भेजकर दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, पर्याप्त चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइटिंग एवं गति नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। इस हेतु चैम्बर द्वारा उपायुक्त, रांची-रामगढ़ और सड़क सुरक्षा समिति को भी पत्र प्रेषित किया गया।
इसी क्रम में गुमला शहर को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन लगभग 12 कि.मी. लंबी बाईपास सड़क के कार्य में हो रही असामान्य देरी पर भी चिंता जताई गई। सदस्यों ने कहा कि वर्षों से लंबित बाईपास सड़क का निर्माण कार्य आज तक पूरा न होना दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि इसी अवधि में रांची–गुमला मुख्य सड़क का निर्माण पूर्ण हो चुका है। बाईपास के पूरा होने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा और आम जनता को राहत मिलेगी। चैम्बर द्वारा इस मामले में भी एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय को पत्र भेजकर कार्यों में तीव्रता लाने का आग्रह किया। गुमला जिले के व्यापारियों की लगातार मांग पर झारखण्ड चैम्बर द्वारा जिले में यातायात जाम की समस्या के समाधान हेतु ट्रैफिक थाना निर्माण के लिए डीजीपी को पत्र प्रेषित किया गया।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
===================
Copyright © 2021-2026 FJCCI