प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक : 11/02/2026)
एग्रीकल्चर मार्केट यार्ड की समस्याओं पर झारखण्ड चैम्बर की उप समिति की बैठक सम्पन्न
=============


झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के एग्रीकल्चर मार्केट यार्ड उप समिति की बैठक आज चैम्बर भवन में हुई। बैठक में कृषि मंडी क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों द्वारा कृषि मंडी में स्ट्रीट लाइट की कमी, टूटी हुई सड़कों एवं अपर्याप्त सुरक्षा गार्ड के कारण उत्पन्न हो रही कठिनाइयों पर चिंता जताई गई। कहा गया कि सुरक्षा गार्ड के अभाव में चोरी जैसी घटनाएं लगातार घटित होना और मंडी में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण व्यापारियों एवं मंडी में आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इस अवसर पर रांची चैम्बर ऑफ कॉमर्स, पंडरा एवं आलू-प्याज थोक विक्रेता संघ के पदाधिकारियों ने पंडरा टर्मिनल यार्ड में मतगणना पर माननीय न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस विषय में प्रभावी पहल करने हेतु झारखण्ड चैम्बर के पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए उनका अभिवादन किया।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि कृषि मंडियां राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। मंडी क्षेत्र में सुरक्षा, लाइट और सड़कों की स्थिति में सुधार जैसी मुलभुत सुविधाओं के लिए चैम्बर द्वारा विभागीय स्तर पर वार्ता की जाएगी। चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि मंडी क्षेत्र में सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना आवश्यक है। सोलर लाइट की व्यवस्था करने से भी मंडी में काफी सुविधा मिलेगी। इस हेतु जरेडा से भी वार्ता की जाएगी। उप समिति के चेयरमैन पंकज साबू ने कहा कि यह प्रयास किया जाएगा कि प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित हो, ताकि कृषि मंडी की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एकमत से यह निर्णय लिया कि कृषि मंडी से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से कार्य किया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन पंकज साबू, रांची चैम्बर के अध्यक्ष संजय माहुरी, आलू प्याज के रोहित कुमार, सदस्य रोबिन गुप्ता, राजीव कुमार, रितेश जैन, बिजेंद्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
================
Copyright © 2021-2026 FJCCI