प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक: 22/01/2026)
दावोस में वैश्विक प्रतिनिधियों से निवेश को लेकर झारखण्ड चैम्बर की सार्थक संवाद
==============================


वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम 2026 में दावोस दौरे में शामिल फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा एवं महासचिव रोहित अग्रवाल ने वैश्विक उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से आज क्रमवार मुलाकात कर झारखण्ड में निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इन बैठकों के दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग, स्किल डेवलपमेंट एवं टेक्नोलॉजी सेक्टर में मौजूद अवसरों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधियों के समक्ष झारखण्ड को एक उभरते हुए इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
आज विशेष रूप से आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद अयोध्या रामी रेड्डी अला तथा फिलीपींस के परमानेंट मिशन के प्रतिनिधि मैन्युअल एजे तिहांके सहित कई अंतरराष्ट्रीय एवं औद्योगिक प्रतिनिधियों से मुलाकात हुई। इन संवादों में झारखण्ड में खनिज आधारित उद्योग, एग्री-प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, आईटी, रिन्यूएबल एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में निवेश संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई। झारखण्ड चैम्बर ने झारखण्ड सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों, सरल निवेश प्रक्रियाओं और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण निवेशकों का भरोसा निरंतर बढ़ रहा है।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि दावोस में वैश्विक मंच पर यह स्पष्ट अनुभव हुआ कि आज निवेशक झारखण्ड को गंभीरता से देख रहे हैं। राज्य सरकार की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, निवेश अनुकूल वातावरण और प्रशासनिक सहयोग ने झारखण्ड को एक मजबूत इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन बना दिया है। पूर्वी भारत के राज्यों में झारखण्ड में सर्वाधिक संभावनाएँ हैं, चाहे वह खनिज संसाधन हों, मानव संसाधन हो, ऊर्जा उपलब्धता हो या भौगोलिक स्थिति। झारखण्ड चैम्बर राज्य को उद्योग और निवेश के नक्शे पर शीर्ष पर ले जाने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उक्त जानकारी देते हुए महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच पर झारखण्ड के प्रति उद्योग जगत की रुचि उत्साहजनक है। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ हुई बातचीत से स्पष्ट है कि झारखण्ड को एक उभरते हुए बिजनेस हब के रूप में देखा जा रहा है। हम निरंतर यह प्रयास कर रहा हैं कि वैश्विक निवेश झारखण्ड की धरती पर उतरे और इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और विकास के अवसर मिलें।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
==================
Copyright © 2021-2026 FJCCI