प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक: 12/01/2026)
होटल एंड रेस्तरां उप समिति की बैठक सम्पन्न
==================

झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के होटल एंड रेस्तरां उप समिति की बैठक आज चैम्बर भवन में हुई। बैठक में झारखण्ड में होटल एवं टूरिज़्म सेक्टर के विकास, निवेश की संभावनाओं, सर्विस क्वालिटी एवं रोजगार सृजन जैसे विषयों पर विमर्श किया गया। सदस्यों ने राज्य में धार्मिक पर्यटन, इको टूरिज़्म, मेडिकल टूरिज़्म एवं सांस्कृतिक पर्यटन की व्यापक संभावनाओं पर चर्चा करते हुए इन क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक के दौरान होटल संचालकों ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया कि नगर निगम की वर्तमान एजेंसी द्वारा वर्ष 2022 से कूड़ा उठाव के नाम पर यूजर चार्ज की मांग की जा रही है, जबकि उस अवधि में कचरा का नियमित उठाव भी नहीं हो रहा था। होटल संचालकों ने इसे अनुचित बताते हुए इस पर शीघ्र समाधान की मांग की।
चैम्बर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि झारखण्ड प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध राज्य है। यदि होटल एवं टूरिज़्म सेक्टर को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो यह राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में निवेश और बेहतर सुविधाएं विकसित करने से रोजगार के व्यापक अवसर भी सृजित होंगे। सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि होटल एवं टूरिज़्म इंडस्ट्री राज्य के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। निजी क्षेत्र, सरकार और संस्थानों के आपसी सहयोग से झारखण्ड को एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सकता है। झारखण्ड के विभिन्न वाटरफॉल एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के आसपास होटल एवं रिसॉर्ट की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चैम्बर द्वारा होटल एवं टूरिज़्म सेक्टर को मजबूत करने हेतु भविष्य में विभिन्न स्तरों पर संवाद, सुझाव और पहल की जाएगी।
बैठक में चैम्बर के उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, होटल एंड रेस्तरां उप समिति के चेयरमैन अरविंदर सिंह खुराना, परमिंदर सिंह बग्गा, सदस्य इंदरजीत सिंह, गगनप्रीत सिंह, राहुल कुमार और अशोक कुमार उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
Copyright © 2021-2026 FJCCI