Press Release

Government Extends SPREE Scheme Period by One Month.

  • 31Dec-2025

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक: 31/12/2025)
    स्प्री योजना की अवधि में एक माह का विस्तार 
    =================
    कर्मचारी राज्य बीमा निगम द्वारा स्प्री योजना की अवधि में एक माह का विस्तार करते हुए इसे 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक लागू रखने का निर्णय लिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस संबंध में इस माह की शुरुआत में कर्मचारी राज्य बीमा निगम मुख्यालय के संयुक्त निदेशक सत्यजीत कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से इस योजना की अवधि बढ़ाने का आग्रह किया गया था। चैंबर द्वारा यह बताया गया था कि राज्य के कई नियोक्ता एवं कर्मचारी अब भी पंजीकरण से वंचित हैं, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने हेतु अतिरिक्त समय आवश्यक है।

    कर्मचारी राज्य बीमा निगम के इस निर्णय से झारखण्ड राज्य के अधिकाधिक नियोक्ता एवं कर्मचारियों को ईएसआईसी के अंतर्गत पंजीकरण कराने तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न लाभ प्राप्त करने का एक और महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

    चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि स्प्री योजना की अवधि बढ़ाने का निर्णय नियोक्ताओं एवं श्रमिकों, दोनों के हित में सकारात्मक एवं दूरदर्शी कदम है। नियोक्ताओं की कठिनाई को देखते हुए हमने आग्रह किया था कि राज्य के व्यापारियों को पंजीकरण हेतु अतिरिक्त अवसर दिया जाए, जिसे स्वीकार किया जाना स्वागतयोग्य है। इससे अधिक से अधिक प्रतिष्ठान ईएसआईसी के दायरे में आएंगे और कर्मचारियों को स्वास्थ्य व सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। उन्होंने राज्य के सभी व्यापारियों, उद्यमियों से अपील की कि वे इस विस्तारित अवधि का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने प्रतिष्ठान एवं कर्मचारियों का ईएसआईसी के अंतर्गत पंजीकरण अवश्य सुनिश्चित करें।

    श्रम एवं ईएसआईसी उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने इस निर्णय हेतु ईएसआईसी एवं भारत सरकार के श्रम मंत्रालय के प्रति राज्य के समस्त व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों की ओर से धन्यवाद दिया। यह भी कहा कि यह योजना नियोक्ताओं के लिए एक राहतपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी पात्र नियोक्ताओं से इस विशेष पंजीकरण अभियान का लाभ उठाकर स्वयं को एवं अपने कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने की अपील की।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव 

Copyright © 2021-2026 FJCCI