Press Release

Indo-American Chamber Director Jagdip Ahluwalia Addresses Sarala Brla University on US Investment Opportunities.

  • 06Dec-2025
    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :-06/12/2025)
    सरला बिरला यूनिवर्सिटी में झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के साथ ह्यूस्टन में निवेश के अवसरों पर चर्चा
    ==========
    Uploaded Image
    Uploaded Image
     
    सरला बिरला यूनिवर्सिटी में आज फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की उपस्थिति में ह्यूस्टन में उद्यम एवं निवेश के अवसर पर महत्वपूर्ण बैठक एवं विशेषज्ञ वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर इंडो अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑफ ग्रेटर ह्यूस्टन, टेक्सास, युएसए के कार्यकारी निदेशक जगदीप अहलूवालिया ने विशेष प्रस्तुति दी।
     
    उन्होंने पीपीटी के माध्यम से बताया कि ह्यूस्टन विश्व के प्रमुख आर्थिक केंद्रों में से एक है, जहाँ एनर्जी, पेट्रोकेमिकल, हेल्थकेयर, एयरोस्पेस एवं एडवांस्ड टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारतीय उद्यमियों के लिए अपार संभावनाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ह्यूस्टन एक अवसरों से भरपूर स्थल है और भारतीय कंपनियाँ यहाँ अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कर सकती हैं। हम भारतीय उद्योगों को निवेश हेतु आमंत्रित करते हैं।
     
    चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने झारखण्ड से निवेश के विस्तार और द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग पर विस्तृत विचार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखण्ड आज भारत की मिनरल बेस्ड इकॉनमी का सबसे मजबूत केंद्र है, जहाँ कोल, आयरन ओर, कॉपर, बॉक्साइट सहित अनेक खनिजों का विशाल भंडार उपलब्ध है। हमारे राज्य में स्टील, ऑटोमोबाइल, रीफ़्रैक्टरीज़, सीमेंट, फ़ूड प्रोसेसिंग एवं टुरीज्म सहित कई क्षेत्रों में बड़े निवेश की संभावनाएँ हैं।  सरकार द्वारा लगातार उद्योग अनुकूल नीतियाँ, प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, लैंड बैंक और तेज़ गति से क्लीयरेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हम चाहते हैं कि ह्यूस्टन के निवेशक एवं भारतीय प्रवासी हमारे यहाँ आएँ, भागीदारी करें और झारखण्ड के औद्योगिक विकास में सहयोग दें। साथ ही झारखण्ड के उद्यमी भी विश्व के सबसे बड़े बाज़ारों में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएँ। आने वाले वर्षों में झारखण्ड देश की आर्थिक प्रगति में अग्रणी राज्य बनने की क्षमता रखता है और हमें विश्वास है कि ऐसे संवाद इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
     
    उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने आह्वान करते हुए कहा कि ह्यूस्टन के उद्यमी झारखण्ड में आकर निवेश करें, उद्योग की स्थापना में झारखण्ड चैम्बर हरसम्भव सहयोग करेगा। यह साझेदारी दोनों आर्थिक क्षेत्रों के लिए लाभकारी होगी। सह सचिव नवजोत अलंग एवं रोहित पोद्दार ने कहा कि जल्द ही सरला बिरला यूनिवर्सिटी एवं झारखण्ड चैम्बर आपस में समन्वय बनाकर स्टार्टअप को प्रमोट करने हेतु संयुक्त रूप से कार्य करेंगे, ताकि राज्य के युवा उद्यमी वैश्विक अवसरों से जुड़ सकें। कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने निवेश की संभावना को गति देने के लिये लगातार ऑनलाइन बैठकों के आयोजन की भी बात कही।
     
    बैठक के दौरान उद्यमियों ने अमेरिकी बाजार में प्रवेश, व्यापार नियमन, टैरिफ नीति तथा निवेश के स्तर को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। इस संवाद को सभी प्रतिभागियों ने बेहद लाभकारी एवं उपयोगी बताया। विश्वविद्यालय एवं चैम्बर दोनों ने भविष्य में भी द्विपक्षीय व्यापार और उद्योग विकास को बढ़ावा देने हेतु संयुक्त कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही। बैठक का संचालन डॉ गगनदीप चड्डा ने किया।
     
    बैठक में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जेसिया के सचिव शिवम सिंह के अलावा सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल गोपाल पाठक, वीसी श्री जगन्नाथन, रजिस्ट्रार एसबी डांडिल एवं यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ उपस्थित थे।
    -
    रोहित अग्रवाल 
    महासचिव
    ==========

Copyright © 2021-2026 FJCCI