प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :04/12/2025)
=================
बाजार टांड स्थित दुकानों के किराया विवाद से जुड़ी समस्या के समाधान में नगर निगम द्वारा किये जा रहे विलम्ब पर चिंता व्यक्त करते हुए फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने उप प्रशासक गौतम साहू से मुलाकात की। कहा गया कि इस कारण समस्या धीरे-धीरे और जटिल होती जा रही है, जिसपर नगर निगम का त्वरित हस्तक्षेप आवश्यक है। मुलाकात के क्रम में चैम्बर ने बाजार टांड के कई दुकानदारों को रांची नगर निगम द्वारा जारी नोटिसों से भी अवगत कराया। यह कहा गया कि नोटिसों में क्षेत्रफल निर्धारण, दरों, दंड एवं ब्याज गणना में कई विसंगतियाँ हैं। चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्षों पूर्व जब निगम का अस्तित्व भी नहीं था, तब व्यापारियों को बाजार टांड में केवल भूमि का आवंटन किया गया था जिसमें व्यापारियों ने स्वयं के खर्च से संरचना निर्माण कराया। इसके एवज में दुकानदार निगम को किराये का भुगतान भी करते हैं बावजूद इसके जबरदस्ती पीनल और बकाया राशि पर ब्याज लगाकर इसका भुगतान नहीं करने पर दुकान सील करने की बात अव्यवहारिक है।
प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि नोटिसों में उल्लेख किये गए रिकवरी, लाइसेंस निरस्तीकरण, बेदखली एवं ब्लैकलिस्टिंग जैसी कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा सभी प्रभावित दुकानदारों के लिए व्यक्तिगत सुनवाई की तिथि निर्धारित की जाए ताकि वे अपने अभिलेख एवं वास्तविक क्षेत्रफल से संबंधित प्रमाण प्रस्तुत कर सकें। यह भी स्पष्ट किया गया कि व्यापारी हमेशा निगम प्रशासन के साथ सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं किंतु शुल्क निर्धारण तथ्यात्मक, पारदर्शी एवं युक्तिसंगत होना आवश्यक है। चैंबर ने 500 रुपये प्रति वर्गफुट एवं 12% ब्याज जैसी अप्रत्याशित दरों की पुनर्समीक्षा की भी मांग की। यह भी सुझाया गया कि रांची नगर निगम एवं व्यापारी प्रतिनिधियों की एक समन्वय समिति का गठन कर सभी मुद्दों का स्थायी और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाय। निगम के उप प्रशासक गौतम साहू ने सभी पक्षो की बातों को ध्यान में रखकर कार्रवाई की बात कही। यह भी कहा कि इस मामले में चैम्बर के समन्वय से कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल और कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, अमित शर्मा शामिल थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव