प्रेस वार्ता (दिनांक :07/11/2025)
==============
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा समाज और जनकल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। चैंबर द्वारा प्रस्तावित गतिविधियों में साइक्लोथॉन, ब्लड डोनेशन कैंप, हेल्थ चेकअप कैंप, वृक्षारोपण अभियान, शहर भर में होर्डिंग्स का प्रदर्शन समेत अन्य गतिविधियां शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य झारखंड के विकास, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सकारात्मक संदेश देना है। इस आशय की जानकारी आज चैंबर भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के माध्यम से दी गई।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 15 नवंबर को हमारा राज्य अपनी रजत जयंती वर्ष पूर्ण कर रहा है। हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है और अगले 25 वर्ष में कैसे हमारा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शुमार हो, यह सोचने का समय भी है। चैम्बर इस दिशा में राज्य के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में अपनी सक्रीय सहभागिता सुनिश्चित करेगा। महासचिव रोहित अग्रवाल ने झारखण्ड के रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत चैंबर द्वारा आयोजित की जानेवाली संपूर्ण गतिविधियों की श्रृंखला का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया और कहा कि व्यापारिक वर्ग एवं चैंबर इस अवसर पर गर्व महसूस कर रहा है और हम इसे स्वास्थ्य, सेवा एवं जनकल्याण से जोड़कर मनाना चाहते हैं।
लाइफ सेवर्स संस्था के अतुल गेरा ने रविवार, 9 नवंबर को चैंबर भवन में आयोजित किये जा रहे रक्तदान शिविर की विस्तार से जानकारी दी और अधिकाधिक लोगों से इस सेवा कार्य में सहभागिता की अपील की। यह कहा कि मौके पर सदर अस्पताल की टीम उपलब्ध रहेगी। स्पोर्ट्स उप समिति के चेयरमेन गौतम शाही ने कहा कि 16 नवंबर को आयोजित साइक्लोथॉन फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। यह कार्यक्रम 10, 25 एवं 50 कि.मी. की श्रेणियों में होगा तथा विजेताओं को मेडल प्रदान किये जायेंगे। कार्यकारिणी सदस्य शैलेष अग्रवाल और अमित शर्मा ने चैंबर द्वारा आयोजित किये जानेवाले स्वास्थ्य शिविर एवं पर्यटन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। स्वच्छ भारत व पौधरोपण उप समिति के चेयरमेन किशन अग्रवाल ने वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा साझा की। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि चैंबर द्वारा अपने सभी छह प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के सहयोग से भी राज्यस्तर पर इन गतिविधियों के आयोजन की पहल की जायेगी।
कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने कहा कि झारखण्ड के साथ छत्तीसगढ भी अपनी स्थापना के रजत जयंती समारोह मना रहा है। प्रदेश का व्यापारी समाज मिलकर अपने राज्य की आर्थिक प्रगति में सहभागिता निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रेस वार्ता के अंत में सह सचिव नवजोत अलंग ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर चैंबर द्वारा आयोजित गतिविधियों में अधिकाधिक संख्या में शहरवासियों से उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
==================